अचलेश्वर के अन्नकूट महोत्सव में उमड़ी भीड़, प्रसादी के लिए भटकते रहे श्रद्धालु
- अव्यवस्थाओं ने नई टीम के मैनेजमेंट पर उठाये सवाल
- पहली बार सार्वजनिक काउंटर पर प्रसादी नहीं बंटी
ग्वालियर। श्री अचलेश्वर न्यास के अन्नकूट महोत्सव में प्रसादी पाने के लिये भारी भीड़ उमड़ी। चाहे फिर वह पैकेट प्रसादी हों या बफर काउंटर परसादी हों। दोनों ही जगह अव्यवस्थाओं का बोलबाला दिखा। जिससे नई गठित टीम के मैनेजमेंट की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे है। वहीं पहली बार सार्वजनिक काउंटर बनाकर प्रसादी का वितरण नहीं किया गया।
प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को आयोजित भव्य अन्नकूट महोत्सव में प्रसादी ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि, मंदिर में की गई अव्यवस्थाओं के कारण भक्तों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और वे प्रसादी के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। महोत्सव के दौरान सबसे अधिक नाराजगी प्रसादी वितरण व्यवस्था को लेकर देखी गई। मंदिर के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब आम श्रद्धालुओं के लिए सार्वजनिक काउंटर लगाकर प्रसादी का वितरण नहीं किया गया। इस कारण दूर-दराज से आए हजारों भक्त बिना प्रसादी लिए ही निराश होकर लौटने को मजबूर हुए। भीड़ नियंत्रण और प्रसादी वितरण में हुई इस चूक ने मंदिर संचालन का जिम्मा संभाल रही नई प्रबंधन टीम की कार्यप्रणाली और मैनेजमेंट पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि पूर्व में हर साल सुव्यवस्थित तरीके से काउंटर लगाकर सभी को प्रसादी वितरित की जाती थी, लेकिन इस बार उचित योजना के अभाव में पूरी व्यवस्था चरमरा गई। प्रसादी पैकेट वितरण के दौरान उमड़ी भीड़ के दौरान बीच में बहुत ही अव्यवस्था फैली, जिससे भीड़ के बेकाबू होने के हालात तक निर्मित हुये। लोगों में भारी नाराजगी दिखी। कई लोग तो प्रसादी कूपन लेकर वापस लौट गये, जिससे उनके रूपये कूपन खरीदने तक के बेकार हो गये। पैकेट प्रसादी का शुल्क 100 और बफर काउंटर पर खाने का शुल्क 50 रूपये रखा गया था।