सेहत का निकाला दिवाला
ग्वालियर. दिवाली ने शहर के रहवासियों की सेहत का दिवाला निकाल दिया। दिवाली पर बेरोकटोक पटाखे जले। खूब देर तक पटाखों की धूम मचती रही। धुएं ने हवा में ऐसी जहर घोली की सांस लेना तक दूभर हो गया। हर तरफ रात ही नहीं दिन में भी धमाकों का शोर सुना गया। शक्तिशाली धमाकों की धमक ऐसी थी कि घरों की दीवारें तक हिल गईं। प्रशासन के तमाम इंतजाम भी दिवाली पर होने वाले प्रदूषण को रोक नहीं पाए। कोर्ट के निर्देश भी निष्प्रभावी रहे। खतरनाक पटाखों से 28 लोगों की आंखें जख्मी हो गईं। वहीं इमरजेंसी में भरती होने आए पांच लोगों को आंखों के आपरेशन तक करने पड़े। पटाखे जलाने के दौरान सावधानी न रखने वाले तीन लोगों ने एक-एक आंख की रोशनी तक गवां दी। काश, इस दिवाली पर हम स्वच्छता के साथ सेहत की चिंता करते।