बाल कलाकारों ने नृत्य और काव्य पाठ से मोहा दर्शकों का मन, अतिथियों ने किया सम्मानित
कश्मीरी बाजार में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
ग्वालियर। सूर्य नमस्कार चौराहा स्थित दस्तकारी हाट (शिल्प बाजार) में 5 नवंबर से चल रहे कश्मीरी दस्तकारी हाट में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रौनक भी देखने को मिल रही है। यहां नृत्यांजलि परिवार के बाल कलाकारों ने नृत्य और काव्य पाठ की ऐसी प्रस्तुतियां दीं कि दर्शक तालियां बजाने पर मजबूर हो गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के शुभारम्भ पर आराध्य शर्मा, कंगना पाल, राधिका पाल, तृषा पाल और मृणाली ताथे ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आराध्य शर्मा ने गणेश वंदना की प्रस्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद स्त्री शक्ति पर आधारित प्रभावशाली काव्य पाठ से दर्शकों में जोश भर दिया। स्केटिंग और कराते में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा दिखाई है।
कंगना और राधिका पाल ने राधा-कृष्ण की मोरपंखी रासलीला का मनमोहक मंचन किया। तृषा पाल ने राजस्थानी गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। वहीं पांच वर्षीय मृणाली ताथे ने 'मोहे मोर बनाये' गीत पर राधा नृत्य की प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान खींचा। सबसे छोटी कलाकार की प्रस्तुति पर दर्शकों ने खूब सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर एसडीएम अतुल सिंह और मेला संयोजक कृष्णकांत समाधिया ने सभी बाल कलाकारों को स्नेह स्वरूप स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।