संगठन में अनुशासन और सक्रियता से कोई समझौता नहींः जीतू पटवारी

- संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताः प्रदेश प्रभारी चौधरी  
- कांग्रेस के ब्लॉक एवं मंडलम अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ  
ग्वालियर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा की जनविरोधी नीतियों, झूठे वादों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर हो रहे हमलों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठानी होगी। संगठन केवल चुनाव के समय सक्रिय होने वाली व्यवस्था नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने वाली ताकत है। प्रत्येक ब्लॉक एवं मंडलम अध्यक्ष अपनी जिम्मेदारी समझें, मतदान केंद्र तक संगठन को मजबूत करें और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। संगठन में अनुशासन और सक्रियता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। यह बात मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को ब्लॉक एवं मंडलम अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ अवसर पर कहीं। 
प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिवस प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है। प्रत्येक पदाधिकारी को पार्टी की विचारधारा, नीतियों एवं कार्यक्रमों के प्रति पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठनात्मक ढांचा होता है। ब्लॉक एवं मंडलम अध्यक्ष संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी जिम्मेदारी है कि वे जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहें, कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं और संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को पूरी गंभीरता से संपन्न कराएं। संगठन में अनुशासन, जवाबदेही और सामूहिक नेतृत्व की भावना से ही कांग्रेस को नई मजबूती मिलेगी। प्रशिक्षण शिविर में शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस को नई ऊर्जा और मजबूती देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ग्वालियर में आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ प्रत्येक ब्लॉक और मंडलम को सक्रिय एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त मध्यप्रदेश की सह प्रभारी एवं सांसद संजना जाटव, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, ग्वालियर प्रभारी पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री लाखन सिंह यादव, विधायक सतीश सिकरवार, विधायक सुरेश राजे, विधायक साहब सिंह गुर्जर, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, प्रदेश सचिव राहुल शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, शहर संगठन महामंत्री इब्राहिम पठान उपस्थित रहे। प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार उपस्थित रहकर प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करेंगे। 

posted by Admin
38

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->