ग्वालियर । राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि विद्यार्थी किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यवहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता और समस्याओं का समाधान करने की कला सीखें। प्रयास ऐसे हों जिससे शिक्षा व रोजगार के बीच की दूरी कम हो और जीवन व कार्यक्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने वाली शिक्षा व्यवस्था कायम हो। राज्यपाल श्री पटेल, जीवाजी विश्वविद्यालय के 62वे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सोमवार को जीवाजी विश्वविद्यालय परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में राज्यपाल मंगुभाई पटेल की अध्यक्षता एवं राज्य मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में जीवाजी विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। समारोह में 57 विद्यार्थियों को गोल्ड मैडल एवं 384 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। जिनमें 224 शोधार्थियों को मिली पीएचडी उपाधि, 134 स्नातकोत्तर व 26 स्नातक उपाधियां शामिल हैं। समारोह में सरदार पटेल पुलिस सुरक्षा और दाण्डिक न्याय विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलगुरू डॉ. आलोक त्रिपाठी, भारत सरकार के पूर्व उच्च आयुक्त प्रो. आई एस चौहान एवं जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा, विश्वविद्यालय कार्यपरिषद के सदस्यगण, विभागाध्यक्ष एवं आचार्यगण मंचासीन थे।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री का वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प एक बड़ी अर्थव्यवस्था के निर्माण के साथ हर नागरिक के सम्मान व समृद्धि से जुड़ा है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने कर्म, चरित्र और नवाचार से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में योगदान दें। राज्यपाल पटेल ने विद्यार्थियों से यह भी कहा कि आप सब जीवन जीने की पद्धति सीखें। हमारे आचरण में शिक्षा व संस्कार दिखने चाहिए। हम अपना भला तो करें हीं, साथ ही माता-पिता, परिवार, गुरूजन एवं समाज व देश के कल्याण के लिये भी काम करें।
दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा का सदुपयोग समाज के समावेशी विकास में करें। उन्होंने उपाधि प्राप्त सभी विद्यार्थियों से कहा कि आप सब किसी भी क्षेत्र में या व्यवसाय में जाएं पर जीवन में नैतिकता और मानवता को हमेशा साथ रखें। यदि व्यक्ति के जीवन में मानवता व सेवा का भाव है तो वह बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है। डॉ. सिंह ने कहा कि तकनीक हमारे हाथों में शक्ति तो दे सकती है लेकिन उस शक्ति का सही उपयोग करने का विवेक, शिक्षा और संस्कारों से ही मिलता है।
सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा और दांडिक न्याय विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलगुरू डॉ. आलोक त्रिपाठी ने दीक्षांत भाषण दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को सफल जीवन के सूत्र बताए। जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने दीक्षांत उपदेश दिया। साथ ही स्वर्ण पदक एवं उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा का सदुपयोग करने की प्रतिज्ञा दिलाई। दीक्षांत समारोह के आरंभ में शोभायात्रा निकली। राज्यपाल मंगुभाई पटेल सहित अन्य अतिथियों ने सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ व समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के गायन के साथ हुआ।