नालियों से गंदगी नहीं हटी, पानी, बिजली, प्रकाश की शिकायतें यथावत
- स्वच्छ सिटी के दर्जे से निगम के अफसर हैं परेशान
ग्वालियर. स्वच्छता सर्वेक्षण (2025-26) में ग्वालियर को भले ही प्रदेश की सबसे स्वच्छ सिटी का दर्जा तो मिल गया हो मगर हालात चौंकाने वाले हैं। नगर निगम के अफसर स्वच्छता इंतजामों का मौका मुआइना करने में जुटे हैं। सच्चाई ये है कि निरीक्षण में जुटे अफसर लोगों की शिकायतें तक नहीं निपटा पा रहे हैं।
विभिन्न वार्डों में पहुंच रहे अधिकारी अपने दल-बल के साथ क्षेत्रीय कार्यालयों में पहुंचकर वहां समस्याग्रस्त लोगों की मुश्किलों को करीब से जान रहे हैं। थाटीपुर कालोनी की बैरकों में रह रहे रहवासियों ने भी ऐसी ही समस्याएं उन्हें बताईं मगर उनका कोई निराकरण नहीं निकला। यहां न तो नालियों की सफाई हो रही है न ही रोड किनारे व आवासों के पीछे उगी जंगली झाडियों को हटाने की कोई पहल की गई है। प्रकाश व्यवस्था तो बिल्कुल भी संतोषजनक नहीं कही जा सकती है।
यही हाल थाटीपुर क्षेत्र से लगी एक दर्जन कालोनियों का है। इन कालोनियों में दर्पण कालोनी, यमुना नगर, सारिका नगर, दुष्यंत नगर, हरनामपुरा बजरिया, चाणक्यपुरी, न्यू दर्पण कालोनी, चंबल कालोनी का है। इन कालोनी में प्रकाश व्यवस्थाएं तो ठप ही हैं। यहां न तो सीवर लाइन की सफाई हुई है न ही हर रोज सफाई के इंतजाम पुख्ता हैं। यहां बनी रोड पर कचरे के ढेर आसानी से देखे जा सकते हैं। यही हाल यहां से गुजरने वाले नालों की है। जहां बारिश के दौरान सर्वाधिक बुरा हाल देखने में आता है। इन कालोनियों में कुछ तो ऐसी हैं जहां बने सीवर के बड़े टैंकर पूरे तरह से फुल हो चुके हैं जिन्हें साफ करने के लिए न तो निगम से मशीनें आ रही हैं न ही सफाई के लिए अमला मौजूद है।
उपनगर मुरार के कई इलाके भी नगर निगम के स्वच्छता दावे को ठेंगा दिखा रहे हैं। सदर बाजार, सीपी कालोनी, आजाद नगर, मीरा नगर समेत कई प्रमुख मोहल्लों में नालियों में गंदगी पसरी हुई है। इन गंदगी से संक्रामक रोग फैल रहे हैं। नगर निगम का सफाई अमला पहुंच तो रहा है मगर कचरे के ढेर कम नहीं हो रहे हैं। अधिकारी लोगों की समस्याएं हल नहीं कर पा रहे हैं।