कैंसर के प्रति जागरूकता और समय पर जांच जरूरी : डॉ. रीता मिश्रा

- मन को स्वस्थ रखना भी जीवन की प्राथमिकता बने: बी.के. प्रहलाद
- सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में आर.सी.डब्ल्यू.ए. द्वारा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
ग्वालियर। पनिहार स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ग्रुप सेंटर की आर.सी.डब्ल्यू.ए. द्वारा महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक  राजकुमार निगम के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में आर.सी.डब्ल्यू.ए. अध्यक्षा श्रीमती सुनीता निगम की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में ग्रुप सेंटर में निवासरत परिवारों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रीता मिश्रा तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के वरिष्ठ राजयोग ध्यान प्रशिक्षक एवं प्रेरक वक्ता बी.के. प्रहलाद भाई ने स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर उपयोगी जानकारी साझा की। इस अवसर पर बी.के. रोशनी बहन, असिस्टेंट कमांडेंट नेहा यादव सहित आर.सी.डब्ल्यू.ए. की अन्य सदस्य महिलाएं उपस्थित रहीं। डॉ. रीता मिश्रा ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ स्तन कैंसर (ब्रेस्ट कैंसर) के प्रति जागरूकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को स्तन कैंसर के संभावित लक्षणों, समय रहते पहचान, नियमित जांच और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ब्रेस्ट में किसी प्रकार की गांठ महसूस होना, आकार या बनावट में बदलाव, त्वचा में सिकुड़न अथवा असामान्य परिवर्तन, निप्पल में बदलाव या उससे स्राव होना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। किसी भी असामान्य बदलाव की स्थिति में बिना संकोच चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग और जागरूक रहना चाहिए। नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित जीवनशैली, शारीरिक सक्रियता और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार स्क्रीनिंग से बीमारी की समय पर पहचान में मदद मिलती है। कैंसर से डरने के बजाय उसके प्रति जागरूक रहना और समय रहते उचित चिकित्सकीय कदम उठाना जरूरी है। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी अपने विचार व्यक्त किए। बी.के. प्रहलाद भाई ने मानसिक स्वास्थ्य के विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि आज के तेज रफ्तार जीवन में मानसिक स्वास्थ्य एक महत्वपूर्ण विषय बन गया है। बढ़ती अपेक्षाएं, आपसी तुलना, भविष्य की चिंता, अतीत का पछतावा, सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग, रिश्तों में अपेक्षाएं और अकेलापन मानसिक तनाव के प्रमुख कारण बन रहे हैं। ऐसे समय में सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक जीवनशैली को अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य का अर्थ केवल शरीर का स्वस्थ होना नहीं, बल्कि मन का शांत, विचारों का सकारात्मक और आत्मा का शक्तिशाली होना भी है। हम शरीर की थकान को तो समझ लेते हैं, लेकिन मन की थकान को अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। जिस प्रकार शरीर को स्वस्थ रखने के लिए पौष्टिक भोजन और व्यायाम जरूरी हैं, उसी प्रकार मन को स्वस्थ रखने के लिए सकारात्मक विचार, आत्मचिंतन और ध्यान आवश्यक हैं। सुबह की शुरुआत सकारात्मक संकल्पों से करना, पर्याप्त नींद लेना, नियमित शारीरिक व्यायाम करना, संतुलित भोजन लेना, अपनी भावनाओं को किसी विश्वसनीय व्यक्ति के साथ साझा करना, प्रतिदिन कुछ समय स्वयं के लिए निकालना तथा ध्यान और आत्मचिंतन का अभ्यास करना मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।
रिश्तों में मधुरता बनाए रखने के संदर्भ में उन्होंने कहा कि दूसरों को बदलने के बजाय पहले अपने व्यवहार में सुधार लाने का प्रयास करना चाहिए। हर व्यक्ति हमारी अपेक्षाओं के अनुसार व्यवहार करे, यह जरूरी नहीं है। इसलिए स्वीकार्यता, क्षमाशीलता, शुभभावना और स्वस्थ संवाद को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। सोशल मीडिया पर दूसरों से तुलना करने के बजाय अपनी क्षमताओं और प्रगति पर ध्यान देना चाहिए। राजयोग मेडिटेशन के महत्व को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि नियमित ध्यान के अभ्यास से व्यक्ति अपने मन को शांत और शक्तिशाली बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकता है। प्रतिदिन कुछ मिनट स्वयं के लिए निकालकर सकारात्मक संकल्पों का अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन की प्रत्येक परिस्थिति हमारे अनुकूल हो, यह आवश्यक नहीं, लेकिन हर परिस्थिति में स्वयं को सकारात्मक और संतुलित बनाए रखना हमारे हाथ में है। उन्होंने सभी को प्रसन्न रहने, मन को स्वस्थ रखने और आंतरिक शक्ति बढ़ाने के लिए उपयोगी सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम के अंत में आर.सी.डब्ल्यू.ए. अध्यक्षा श्रीमती सुनीता निगम ने सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर आयोजित ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जीवन को स्वस्थ, सकारात्मक और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं उपस्थित महिलाओं का धन्यवाद किया। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट कमांडेंट नेहा यादव ने किया।



posted by Admin
9

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->