नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत पर युवाओं ने रखी अपनी राय
ग्वालियर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार, मेरा युवा भारत, ग्वालियर के तत्वावधान में शनिवार को 'विकसित भारत युवा संसद 2026-27' का आयोजन डॉ. भीमराव अंबेडकर पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में जिले भर के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समसामयिक व ज्वलंत विषय पर अपनी तार्किक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विधायक भितरवार मोहन सिंह राठौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विधायक मोहन सिंह राठौर ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवा अपनी क्षमता के साथ देश विकास में भागीदार बनें। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों की भी आवश्यकता प्रतिपादित की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य अजय जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी मेरा युवा भारत केंद्र आशुतोष साहू ने अतिथियों का स्वागत किया तथा अपने स्वागत भाषण में कार्यक्रम की रूपरेखा व उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही उपस्थित सभी लोगों को 'सामूहिक नशा मुक्त शपथ' भी दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन सफल युवा मंडल के अध्यक्ष अरविंद कुशवाह द्वारा किया गया। इस आयोजन में युवाओं और स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।