तार फेंसिंग शुरू करते ही चली गोलियां, पिता पुत्र की मौत
ग्वालियर। तार फेंसिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक पक्ष के लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पिता पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। फायरिंग में जान गंवाने वाले पिता पुत्र को दो दो गोलियां लगी है। हत्या की वारदात मुरार के पदमपुर खेरिया में घटी। दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव पसर गया। जिस जमीन को लेकर शुक्रवार को दोहरा हत्याकांड हुआ उसे लेकर विवाद तो काफी समय से चला आ रहा था और दोनों ही पक्ष कई बार अपनी-अपनी शिकायत लेकर कई बार थाने की देहरी भी चढ़ चुके थे और पीछे हटने को कोई तैयार नहीं था। इस मामले ने शुक्रवार की सुबह तूल पकड़ लिया और गांव गोलियों की गंूज से दहल उठा। वारदात की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो पुलिस को मौके से भारी संख्या में चले हुये कारतूस मिले। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पीएम के लिये भिजवाया। मामले की गंभीरता और तनाव को देखते हुये गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पदमपुर खेरिया में कमलेश लोधी और उनके पुत्र अमित की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि कमलेश का अपने भाई राजकुमार लोधी से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार के पास कुल 15 बीघा जमीन है और इसमे पांच बीघा कमलेश के पास है। मृतकों का अपने ही रिश्तेदारों से जमीन विवाद को लेकर तनातनी चली रही थी और दोनों ही पक्षों ने कई बार बाहें तानते हुए एक दूसरे को देख लेने की धमकी भी दी। जिस जमीन पर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था उसका कुछ हिस्सा महाजपुरा थाना क्षेत्र में आता है तो कुछ हिस्सा मुरार में है। इसलिए दोनों ही पक्ष महाराजपुरा से लेकर मुरार थाने तक जमीन पर अपना-अपना हक जताते हुए जाते रहे थे। शुक्रवार की सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष उस समय आमने सामने आ गये जब अमित अपने पिता कमलेश के साथ कंटीले तारों का बंडल लेकर विवादित जमीन पर तार फेंसिंग के लिये पहुंचा था और अभी वह पहले खंभे पर भी तार नहीं कस पाए थे कि दूसरा पक्ष हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंच गया। जैसे ही तार खिंचाई का काम शुरु हुआ तो एक पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां सीधे अमित और कमलेश को जा लगीं और वह लहुलूहान होकर गिर पड़े। उनके परिजन लहू-लुहान हालत में दोनों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद से ही गांव में सन्नाटा पसर गया। हत्या की वारदात का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की तो हमलावरों की पहचान राजकुमार, होतम, राजेंद्र, राजेश के रूप में हुई है। हमलावरों ने 315 बोर की लायसेंसी बंदूक से वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस को मौके से आठ चले हुए राउंड मिले हैं। पुलिस को जांच में पता चला कि हमलावर और जान गंवाने वाले रिश्तेदार हैं। घटना के बाद से सभी हमलावरों के घरों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव में भी सन्नाटा है। दोनों ही पक्षों के बीच आठ माह पहले भी काफी तनातनी हुई थी और तभी दोनों ही पक्ष थाने पहुंच गए थे। तब पुलिस ने दोनों की बात सुनी और दोनों ही पक्षों की शिकायत पर एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। तब दोनों ही पक्ष यह कहते हुए थाने से बाहर निकले थे, मौका मिलने दो, हम देख लेंगे और शुक्रवार की सुबह बड़ी वारदात हो गई।