ट्रैफिक सिग्नल, कैमरे बेकार, रोड पर बेखौफ दौड़ रहे वाहन
- परिवहन विभाग व स्मार्ट सिटी के अधिकारी चालान वसूलने में लाचार
(संजय तोमर)
ग्वालियर. शहर की सड़कों पर इनदिनों तेज रफ्तार वाहनों का खौफ बढ़ता जा रहा है। इन वाहनों से बच पाना मुश्किल हो रहा है। आलम ये है कि तेजी से गुजर रहे वाहनों में चार पहिया ही नहीं दो पहिया वाहन भी शामिल हैं मगर यातायात महकमा व स्मार्ट सिटी के अफसर इनसे चालान राशि वसूल नहीं कर पा रहे है। स्मार्ट सिटी के अधिकारी ऐसे वाहन चालकों की सूची परिवहन विभाग को भेज चुके हैं जिन्होंने हाल ही में एक नहीं सौ बार ट्रैफिक नियम तोड़े हैं मगर इन वाहनों से रोड पर चलने वाले वाहनों से टकराने का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
यहां वाहनों को नहीं है परवाह
कम उम्र के दो पहिया वाहन चालक ऐसे हैं जो भीड़-भाड़ भरे बाजारों में बेफिक्र होकर दौड़ाने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। इन बाजारों में सिटी सेंटर का मुख्य बाजार व विवि क्षेत्र की सड़कें, थाटीपुर का मुख्य बाजार, एजी पुल अहम है। हालांकि शहरी क्षेत्र में भी रात के समय ये वाहन चालक तेज गति से वाहन दौड़ने में चूकते नहीं हैं मगर इन वाहनों को सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन बाधा पैदा करते हैं। ज्यादातर तो ऐसे वाहन हैं जो ओवरस्पीड के साथ-साथ बिना हेलमेट व रेड सिग्नल क्रास करने के हैं।
वाहनों को रोक नहीं पा रहे सिग्नल
यातायात विभाग व स्मार्ट सिटी की ओर से लगाए गए ट्रैफिक सिग्नल भी ओवर स्पीड वाहनों पर कार्रवाई न कर पा रहे हैं। विभाग ने हाल ही में बताया कि एक-एक वाहन पर सौ चालान हो चुके हैं। सात पर 48 से 73 तक चालान किए जा चुके हैं मगर ओवरस्पीड वाहन नियम तोड़ने में चूक नहीं रहे हैं। स्मार्ट सिटी के कैमरे में आए एक वाहन चालक रामबाबू झा (एमपी07 जेड पी 2806) पर सौ बार चालान हो चुके हैं। इसी तरह दिग्विजय सिंह भदौरिया (एमपी07जेडई8488) पर 73 चालान हो चुके हैं। इसी तरह मुन्नालाल जयंत (एमपी 07 जेडई 2671) पर 67 चालान हो चुके हैं। इसी तरह कई ओर वाहन चालक हैं जिन्होने ट्रैफिक रूल्स तोड़कर विभागों को चुनौती दी है।
69 करोड़ रुपए प्रोजेक्ट पर हो चुके खर्च
स्मार्ट सिटी ने आईटीएमएस प्रोजेक्ट पर 69 करोड़ रुपए खर्च कए हैं। इसमें लगे आधुनिक कैमरे सड़कों पर ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वाले वाहनों को कैद कर रहे हैं। मगर हकीकत ये है कि ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहनों से चालान की राशि वसूल तक नहीं हो पा रही है। इन वाहनों के पास चालान के संदेश भेजे जा चुके हैं मगर इनको अब तक अनदेखा किया जा रहा है।