आईटीएम यूनिवर्सिटी का 11वां दीक्षांत समारोह सांस्कृतिक और शैक्षणिक परिवेश में संपन्न
- 17 को पीएचडी, 46 को गोल्ड मैडल सहित 1727 को मिली डिग्रियां
ग्वालियर । आज इस मंच पर पेंटिंग, स्वास्थ्य, संगीत, अभिनय और साहित्य मौजूद है। इसका उद्देश्य सिर्फ यही है कि अपनी कल्पनाशीलता को जीवंत रखते हुए आप भविष्य को देखें। पूरे देश में आईटीएम यूनिवर्सिटी एक ऐसा संस्थान है जहां युवाओं की कल्पनाशीलता को साकार रूप प्रदान करने के लिए सालभर में 280 दिन में से 90 दिन करिकुलम से हटकर सांस्कृतिक गविधियों का आयोजन किया जाता है। मस्तिष्क के दो हिस्से होते हैं। एक तर्क शक्ति का और दूसरा कल्पना शक्ति का। कल्पना शक्ति जिसके लिए हम और आप बचपन में तैयार थे। लेकिन समय के साथ-साथ हम अपनी कल्पनाओं को आकार देना ही भूल रहे हैं। मैं अभिभावकों से यह कहना चाहता हूं कि बच्चों की कल्पनाओं की उड़ान रोके नहीं, उसे आगे बढ़ने दें। क्योंकि देश को इस उड़ान की जरूरत है। यह विचार प्रोफेसर नागेश्वर राव (अध्यक्ष, कार्यकारी समिति, नैक एवं पूर्व कुलपति इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय) ने बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किए।
मौका था मुक्ताकाश मंच नाद एम्फीथियेटर में आयोजित आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर का 11वां दीक्षांत समारोह (कन्वोकेशन-11) का। इस अवसर पर आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर के फाउंडर चांसलर रमाषंकर सिंह, चांसलर श्रीमती रुचि सिंह, प्रो-चांसलर डाॅ. दौलत सिंह चैहान, वाइस चांसलर प्रोफेसर योगेश उपाध्याय, रजिस्ट्रार डाॅ. ओमवीर सिंह, सुप्रिया पिलगांवकर, प्रतिभा निमाड़े, मनीष पुष्कले, अपराजिता चक्रवर्ती, सत्रुंजय हेगडे सहित देशभर से आईं हस्तियां और देश-विदेश के अध्ययनरत छात्र-छात्राएं विशेष रूप से मौजूद रहे।
प्रथम सत्र (प्री कन्वोकेशन)
आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर के सिथौली परिसर स्थित मुक्ताकाश मंच नाद एम्फीथियेटर में 11वां दीक्षांत समारोह का आगाज प्राकृतिक शक्तियों के संगीतमय आव्हान एवं मांगलिक ध्वनि, शिक्षा के सबसे बड़े उत्सव का शंखनाद के साथ किया गया। दो सत्रों में आयोजित समारोह के प्रथम सत्र में प्री-कन्वोकेशन एकेडमिक काॅन्क्लेव का आयोजन हुआ। जहां प्रो-चांसलर डाॅ. दौलत सिंह चैहान ने स्वागत भाषण दिया। इसके बाद इस सांस्कृतिक, गरिमामयी व अमूल्य ज्ञानोपदेशों से पूर्ण कार्यक्रम में देश का भविष्य निर्माण करने वाले युवाओं को शुभाशीष देने के साथ ही देशभर की प्रतिष्ठित राजनीतिक, कला, शिक्षा, विज्ञान व सामाजिक क्षेत्र की हस्तियां रूबरू हुईं और उन्होंने अपने जीवन व कार्य के अनुभव को बांटते हुए छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया। इस दौरान आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर में अध्ययनरत विभिन्न देशों अन्तर्राष्ट्रीय के छात्र-छात्राएं अपने अपने राष्ट्र का झंडा थामे समारोह का हिस्सा बने।
अपने भीतर की आवाज को सुनें, आप जो वास्तव में हैं, उसे स्वीकार करेंः पद्मश्री भालचंद्र वनजी
आईटीएम यूनिवर्सिटी में 11वां दीक्षांत समारोह के अवसर पर प्री-कन्वोकेशन के दौरान पद्मश्री भालचंद्र वनजी नेमाडे (लेखक, कवि, आलोचक और भाषाविद्) ने कहा कि जीवन के इस पड़ाव पर अक्सर आप यह तय नहीं कर पाते कि आपको आगे क्या करना है। भविष्य को लेकर मन में कई तरह की चिंताएं और आशंकाएं होती हैं। यह समझना कठिन लगता है कि आगे कौन-सा रास्ता चुनें और जीवन किस दिशा में आगे बढ़ेगा। मैं अपने अनुभव से यही कहना चाहता हूं कि अपने भीतर की आवाज को सुनें। आप जो वास्तव में हैं, उसे स्वीकार करें। अपनी पसंद, रुचियों और विचारों को पहचानें। यह जरूरी नहीं कि हर व्यक्ति आपकी बात से सहमत हो या आपकी पसंद को पसंद करे। लेकिन दूसरों की असहमति के कारण अपनी मौलिकता और पहचान को खोना नहीं चाहिए। जीवन में अपने रास्ते स्वयं तलाशें और अपनी रुचि के अनुरूप आगे बढ़ने का साहस रखें। यही प्रक्रिया आपको अपनी वास्तविक पहचान बनाने और जीवन में सार्थक योगदान देने की दिशा में आगे ले जाएगी।
मेरा मानना है कि एक कलाकार हर रोज सीखता हैः पद्मश्री पंडित उल्हास कशालकर
आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर में 11वां दीक्षांत समारोह के अवसर पर प्री-कन्वोकेशन के दौरान पद्मश्री पंडित उल्हास कशालकर (प्रख्यात हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक) ने कहा कि जब भी मैं ग्वालियर आता हूं तो मन में उत्साह रहता है। आज आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर में आकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि आप स्टूडेंट्स हैं तो मैं भी स्टूडेंट्स हूं। मेरा मानना है कि एक कलाकार हर रोज सीखता है। उन्होंने कहा कि कला में नवीनता दिखना चाहिए और यह सोच से बढ़ती है।
पद और परिस्थितियां बदलती रहती हैं, लेकिन आपकी ईमानदारी और प्रतिष्ठा जीवनभर आपके साथ रहती हैः डाॅ. हर्षवर्धन हेगडे
आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर में 11वां दीक्षांत समारोह के अवसर पर प्री-कन्वोकेशन के दौरान डाॅ. हर्षवर्धन हेगडे (प्रतिष्ठित आर्थोपेडिक और स्पाइन सर्जन) ने कहा कि आज इस गरिमामय समारोह में उपस्थित होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। किसी भी व्यक्ति की सफलता केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होती। उन्होंने स्टूडेंट्स से कहा कि आपने अपनी योग्यता और परिश्रम से यह उपलब्धि हासिल की है। अब आप अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस दौरान आपके सामने अपनी जानकारी और क्षमता साबित करने के अनेक अवसर आएंगे। लेकिन याद रखिए, एक अच्छा पेशेवर वही है जो केवल अपने ज्ञान का प्रदर्शन नहीं करता, बल्कि दूसरों की बात भी ध्यान से सुनता है और आवश्यकता पड़ने पर धैर्यपूर्वक निर्णय लेता है। अपने सहयोगियों और मार्गदर्शकों का चयन सोच-समझकर करें, क्योंकि उनका प्रभाव किसी भी पाठ्यपुस्तक से अधिक हो सकता है। अपने कार्यक्षेत्र में कभी भी शॉर्टकट अपनाने का प्रयास न करें। पद और परिस्थितियां बदलती रहती हैं, लेकिन आपकी ईमानदारी और प्रतिष्ठा जीवनभर आपके साथ रहती है। आज चिकित्सा के क्षेत्र में रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीक ने उपचार एवं शल्य चिकित्सा की सटीकता को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है। जिस स्तर की सटीकता की हम पहले केवल कल्पना कर सकते थे, वह अब तकनीक के माध्यम से संभव हो रही है। इसलिए हमेशा जिज्ञासु बने रहें, सीखते रहें और नए ज्ञान को अपनाते रहें। उन्होंने कहा कि मेरी युवा साथियों को यही सलाह है कि अपने कार्य के प्रति समर्पित रहें, दूसरों के प्रति संवेदनशील और दयालु बनें। सम्मान और विश्वास अर्जित करने का सबसे अच्छा माध्यम आपका व्यवहार और कार्य के प्रति ईमानदारी है। उन्होंने कहा कि आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर से प्राप्त ज्ञान केवल स्वयं तक सीमित न रखें, बल्कि समाज के हित में उसका उपयोग करें। आईटीएम यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स को किताबी ज्ञान के साथ-साथ जीवन का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करती है। इसलिए ध्यानपूर्वक सुनें, गंभीरता से निरीक्षण करें और यह समझने का प्रयास करें कि प्रत्येक व्यक्ति के पास एक अनुभव और एक कहानी होती है, जिससे हम कुछ न कुछ सीख सकते हैं।
कला का अर्थ निरंतर सीखना, प्रयोग करना और अपनी समझ का विस्तार करना हैः प्रतिष्ठित कलाकार निलिमा शेख
आईटीएम यूनिवर्सिटी में 11वां दीक्षांत समारोह के अवसर पर प्री-कन्वोकेशन के दौरान प्रतिष्ठित कलाकार निलिमा शेख ले कहा कि सीखने की संभावनाएं अनंत हैं और कला इन संभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। मेरे लिए चित्रकला अभिव्यक्ति का प्राथमिक माध्यम रही है, लेकिन समय के साथ उन्होंने कविता, साहित्य, लेखन और अन्य रचनात्मक विधाओं को भी अपनी कला का हिस्सा बनाया। उन्होंने अपनी चित्रकृतियों में लिखित शब्दों का प्रयोग करने के साथ बच्चों के लिए चित्र-पुस्तकों पर भी काम किया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कलात्मक माध्यमों के बीच संवाद स्थापित करना मेरे लिए सीखने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया रही है। कला का अर्थ किसी निर्धारित व्यवस्था में बंधना नहीं, बल्कि निरंतर सीखना, प्रयोग करना और अपनी समझ का विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि कला को केवल आधुनिक और शहरी दृष्टिकोण तक सीमित करके नहीं देखना चाहिए। ग्रामीण और जनजातीय कला, उनकी परंपराएं तथा विशिष्ट अभिव्यक्तियां भी हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन कला रूपों को समझना और मुख्यधारा की कला के साथ उनका संबंध स्थापित करना आवश्यक है।
सबसे पहले हम भारतीय हैं और हर प्रांत की मातृभाषा बहुत ही इंपोर्टेंट हैः अभिनेता सचिन पिलगांवकर
समारोह के अवसर पर प्री-कन्वोकेशन के दौरान सचिन पिलगांवकर (भारतीय एक्टर, डायरेक्टर, प्रोड्यूसर, लेखक और गायक) ने कहा कि मेरे लिए आप सभी युवा स्टूडेंट्स वीआईपी हो। मुझे आज आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर का कैंपस देखकर बहुत खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि मैंने आंख-कान खुले रखकर जिंदगी बसर की है। जीवन में दो विजन होते हैं, एक मैंने जन्म लिया है और दूसरा ये जन्म क्यों लिया है। मेरी खुशकिस्मती है कि मुझे पांच साल की उम्र में ही यह पता चल गया था कि मैंने जन्म क्यों लिया है। उन्होंने कहा कि मातृ भाषा बहुत अहम होती है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले हम भारतीय हैं और हर प्रांत की मातृभाषा बहुत ही इंपोर्टेंट है। हमें अपनी मातृभाषा को संभालना ही नहीं बल्कि उसे समृद्ध करना है। सचिन पिलगांवकर ने कहा कि आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर को आज मैं वचन देता हूं कि श्री रमाशंकर सिंह जी मैं आपसे सीखूंगा। क्योंकि हर शिक्षक पहले सीखता है फिर सिखाता है। उन्होंने कहा कि आज मैं यह सम्मान मां, मातृभूमि और मातृभाषा को समर्पित करना चाहता हूं। मैं यहां के युवाओं को फिल्म इंडस्ट्रीज के लिए तैयार करूंगा।
आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर में स्कूल आफ मैंकिंग एक्टिंग होगा शुरूः वाइस चांसलर प्रोफेसर डाॅ. योगेश उपाध्याय
इस सत्र के समापन अवसर पर धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर के वाइस चांसलर प्रोफेसर डाॅ. योगेश उपाध्याय ने कहा कि संस्थान की ओर से मैं घोषणा करता हूं कि आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर में स्कूल आॅफ मैकिंग एक्टिंग शुरू किया जाएगा। जिसके प्रोफेसर होंगे अभिनेता सचिन पिलगांवकर। उन्होंने गीता के श्लोक का मतलब बताते हुए कहा कि श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं कि मैंने तुम्हें ज्ञान दिया है, अब चुनना तुम्हे है। उन्होंने शेर पढ़ते हुए कहा कि ‘अपना ज़माना आप बनाते हैं अहल-ए-दिल, हम वो नहीं कि जिन को ज़माना बना गया‘। इसके साथ ही उन्होंने सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
द्वितीय सत्र (कन्वोकेशन)
वहीं द्वितीय सत्र का शुभारंभ वंदे मातरम् और शांतिमंत्र के साथ विशेष शंखनाद के साथ किया गया। द्वितीय सत्र में रजिस्ट्रार डाॅ. ओमवीर सिंह ने चांसलर श्रीमती रुचि सिंह चैहान से 11वां दीक्षांत समारोह प्रारंभ करने की घोषणा के लिए अनुरोध किया। इसके बाद मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगू भाई सी. पटेल, मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चैहान, मप्र विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, मंत्री इंदर सिंह परमार, सांसद माया नारोलिया, मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रोफेसर खेम सिंह दहेरिया के संदेशों को वीडियो के माध्यम से स्टूडेंट्स तक पहुंचाया गया। इसके बाद वाइस चांसलर प्रोफेसर डाॅ. योगेश उपाध्याय द्वारा एनुअल रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। तत्पश्चात चांसलर श्रीमति रुचि सिंह व अन्य अतिथियों के संबोधन के बाद मानद उपाधियां और स्टूडेंट्स को अवार्ड का वितरण किया गया। इस दौरान प्रख्यात उर्दू कवि प्रोफेसर वसीम बरेलवी और पद्मश्री मुजफ्फर अली (फिल्मकार, फेशन डिजाइनर, कवि, आर्टिस्ट) ने स्वास्थ्य कारणों के चलते इस कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले पाने पर खेद व्यक्त किया और अपने आॅडियो के माध्यम से अपना मैसेज दिया।
तकनीक का उपयोग करें, लेकिन अपनी मानवीयता को कभी न छोड़ेंः चांसलर श्रीमती रुचि सिंह
11वां दीक्षांत समारोह के अवसर पर आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर की चांसलर श्रीमती रुचि सिंह ने कहा कि आज स्टूडेंट्स के सपनों को साकार होते देखना और उन्हें उपाधियां प्राप्त करते हुए देखना अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने सभी स्टूडेंट्स व उनके अभिभावकों और शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में स्टूडेंट्स कंप्यूटर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से अपने असाइनमेंट तैयार कर रहे हैं। कोई स्टूडेंट सुंदर भाषा, तार्किक प्रस्तुति और प्रभावशाली तर्कों के साथ अपना असाइनमेंट तैयार करके अच्छे अंक प्राप्त कर सकता है, लेकिन महत्वपूर्ण सवाल यह है कि क्या इस प्रक्रिया में उसकी सोचने और विश्लेषण करने की क्षमता भी विकसित हुई है? क्या उसने धीरे-धीरे सोचने और निर्णय लेने की अपनी जिम्मेदारी किसी मशीन को सौंप दी है? उन्होंने आगाह किया कि भविष्य में ऐसी स्थिति न बन जाए, जहां हमारे आसपास बुद्धिमत्ता के साधन तो बढ़ते जाएं, लेकिन मनुष्य के भीतर स्वतंत्र चिंतन की क्षमता कम होती जाए। उन्होंने कहा कि उपाधि स्टूडेंट्स को दुनिया में प्रवेश करने की योग्यता प्रदान करती है, लेकिन उनके विचारों की स्वतंत्रता ही तय करेगी कि वे समाज और दुनिया को क्या योगदान देंगे। शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यावसायिक ज्ञान और तकनीकी दक्षता प्रदान करना नहीं, बल्कि स्टूडेंट्स को ज्ञान के साथ विवेक विकसित करने के लिए तैयार करना भी है। ज्ञान हमें बताता है कि क्या ज्ञात है, जबकि विवेक हमें यह समझने की दिशा देता है कि उस ज्ञान का उपयोग कैसे करना है। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता के वास्तवकि अर्थ पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्टूडेंट्स से कहा कि किसी विचार को केवल इसलिए स्वीकार या अस्वीकार न करें, क्योंकि वह आपकी मौजूदा मान्यताओं के अनुकूल या प्रतिकूल है। पहले उसे सुनें, समझें, परखें और फिर अपना निर्णय लें। विश्वविद्यालय की वास्तविक भावना यही है कि हम बिना घृणा के असहमति व्यक्त करना, बिना किसी को अपमानित किए आलोचना करना और दूसरों के अलग विचारों का सम्मान करते हुए अपनी मान्यताओं का पक्ष रखना सीखें। समाज तब मजबूत बनता है, जब अलग-अलग विचारों वाले लोग भी मिलकर काम कर पाते हैं। उन्होंने स्टूडेंट्स को आगाह किया कि वे अपनी राय और विचारों को सोशल मीडिया के माध्यम से नियंत्रित न होने दें। अपने विचारों का मूल्य लाइक और प्रतिक्रियाओं की संख्या से तय न करें। किसी बात पर विश्वास करने से पहले उसके प्रमाणों की जांच करें और किसी व्यक्ति के बारे में निर्णय लेने से पहले उसे समझने का प्रयास करें। स्वतंत्र चिंतन के लिए स्वयं को समय दें, क्योंकि मन को केवल सूचनाओं और प्रतिक्रियाओं की नहीं, बल्कि शांति, आत्मचिंतन और नए विचारों को तलाशने की भी आवश्यकता है।
उन्होंने स्टूडेंट्स से आव्हान करते हुए कहा कि वे अपने विचारों को स्वतंत्र, अभिव्यक्ति को निर्भीक लेकिन संवेदनशील और उपलब्धियों को विवेक एवं नैतिकता से निर्देशित रखें। तकनीक का उपयोग करें, लेकिन अपनी मानवीयता को कभी न छोड़ें। स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी निभाएं और जीवन में निरंतर कल्पना, चिंतन तथा रचनात्मक कार्य करते रहें। उन्होंने कहा कि शिक्षा का बदलता स्वरूप अब केवल ज्ञान और तकनीकी दक्षता तक सीमित नहीं है, बल्कि मनुष्य बने रहने और मानवीय मूल्यों को बनाए रखने पर भी केंद्रित है। उन्होंने सभी स्टूडेंट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जीवन में कभी ऐसा महसूस हो कि आपके साथ कोई खड़ा नहीं है, तो आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर को याद कीजिए, हम हमेशा आपके साथ खड़े हैंः प्रो-चांसलर डाॅ. दौलत सिंह चैहान
11वां दीक्षांत समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर के प्रो-चांसलर डाॅ. दौलत सिंह चैहान ने कहा कि अब तक जीवन के अनेक निर्णयों में आपके माता-पिता आपके साथ खड़े रहे हैं, लेकिन आने वाले समय में आपको अपने निर्णय स्वयं लेने होंगे और उनके परिणामों की जिम्मेदारी भी उठानी होगी। उन्होंने स्टूडेंट्स को माता-पिता के योगदान का स्मरण कराते हुए कहा कि आज आप अपने जीवन में आगे बढ़ रहे हैं, लेकिन याद रखिए कि लगभग 20 वर्ष बाद इन्हीं माता-पिता को आपकी सबसे अधिक आवश्यकता होगी। इसलिए अपने माता-पिता के प्रति अपने दायित्व को कभी न भूलें। उन्होंने कहा कि आज के दौर में गूगल पर हर सवाल का जवाब मिल सकता है, लेकिन किसी जानकारी को खोज लेना और उसके वास्तविक अर्थ को समझना अलग-अलग बातें हैं। इसलिए किसी भी विषय को पढ़ते समय उसके पीछे छिपे अर्थ और उद्देश्य को समझने का प्रयास करें। यही प्रक्रिया आपको भ्रम से निकालकर सत्य की ओर ले जाएगी। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट्स एक ऐसी विश्वविद्यालयीय विरासत का हिस्सा हैं, जिसकी नींव संस्थापक कुलाधिपति ने वर्षों पहले रखी थी। इस संस्थान से शिक्षा प्राप्त करने वाले स्टूडेंट्स की कई पीढ़ियां समाज में अपना योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि केवल बहुत सारी डिग्रियां हासिल कर लेना या ढेरों पुस्तकें पढ़ लेना किसी व्यक्ति को सच्चा विद्वान नहीं बनाता। वास्तविक प्रज्ञा तभी विकसित होती है, जब व्यक्ति प्रेम और मानवीय संवेदनाओं को उनके व्यापक अर्थों में समझता है। प्रेम केवल व्यक्तिगत आकर्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें माता-पिता, परिवार, समाज और समूची मानवता के प्रति संवेदना और जिम्मेदारी का भाव शामिल है। यदि हम प्रेम को उसके समग्र स्वरूप में नहीं समझ पाए, तो हमारी तमाम शैक्षणिक उपलब्धियां अधूरी रह जाएंगी। अंत में उन्होंने स्टूडेंट्स से कहा कि जीवन में कभी ऐसा महसूस हो कि आपके साथ कोई खड़ा नहीं है, तो आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर को याद कीजिए। यह आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर हमेशा आपका अपना रहेगी। जब भी आपको सहयोग, मार्गदर्शन या अपनत्व की आवश्यकता हो, संस्थान के दरवाजे आपके लिए खुले हैं। उन्होंने कहा कि हम हमेशा आपके साथ खड़े रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने उन्होंने सभी स्टूडेंट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रतिष्ठित कलाकार निलिमा शेख, पद्मश्री पं. उल्हास कशालकर, पद्मश्री भालचंद्र वनजी, डाॅ. हर्षवर्धन हेगडे, अभिनेता सचिन पिलगांवकर, गनेश हलोई को प्रदान की गई मानद उपाधि
आईटीएम यूनिवर्सिटी ग्वालियर के 11वां दीक्षांत समारोह में देश की ऐसी चुनिंदा हस्तियों को मानद उपाधियां (आॅनरिस कोजा) प्रदान की गईं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में नए व विशिष्ट कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इन हस्तियों में प्रतिष्ठित कलाकार निलिमा शेख, पद्मश्री पंडित उल्हास कशालकर (प्रख्यात हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक), पद्मश्री भालचंद्र वनजी नेमाडे (लेखक, कवि, आलोचक और भाषाविद), डाॅ. हर्षवर्धन हेगडे (प्रतिष्ठित आर्थोपेडिक और स्पाइन सर्जन), पद्मश्री मुजफ्फर अली (फिल्मकार, फेशन डिजाइनर, कवि, आर्टिस्ट), सचिन पिलगांवकर (भारतीय अभिनेता, डायरेक्टर, प्रोड्यूसर, लेखक और गायक) के नाम शामिल हैं। इन्हें डीलिट/डीएससी/पीएचडी उपाधियों से अलंकृत किया गया। वहीं गनेश हलोई (विजुअर आर्टिस्ट, क्यूरेटर एंड लेखक) के आयोजन में सम्मिलित नहीं हो पाने के चलते उनकी ओर से उनकी पुत्री अपराजिता चक्रवर्ती द्वारा आनरिस कोजा प्राप्त किया गया। इस दौरान सभी के जीवन व उपलब्धियों का शार्ट वीडियो भी दर्शाया गया।
17 को पीएचडी, 46 को गोल्ड मैडल सहित 1727 को मिली डिग्री
दीक्षांत समारोह के अवसर पर पीएचडी, एमबीए, एलएलएम, बीटेक, बीबीए, बीकाॅम, बीपीईएस, एलएलबी, बीए एलएलबी, बीकाॅम एलएलबी, बीजेएमसी, बीपीएड, इंजीनियरिंग, कंप्यूटर एप्लीकेशन, बिजनेस एंड मेनेजमेंट, विज्ञान, आर्ट एंड डिजाइन आदि सहित कुल 1727 स्टूडेंट्स को स्नातक और स्नातकोत्तर की उपाधियां प्रदान की गईं। इसके साथ ही 17 स्टूडेंट्स को पीएचडी की उपाधि और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 46 स्टूडेंट्स को मेरिट के अंतर्गत गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। मैडल, डिग्री प्राप्त करने उपरांत चांसलर श्रीमती रुचि सिंह ने सभी को शपथ दिलाई।