टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के माध्यम से ग्वालियर को वैश्विक औद्योगिक पहचान दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम: आलोक आहूजा

ग्वालियर/भोपाल। ग्वालियर के औद्योगिक विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) की स्थापना एक ऐतिहासिक और दूरगामी महत्व की पहल साबित होने जा रही है। मध्यप्रदेश को टेलीकॉम एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की इस महत्वाकांक्षी योजना को लेकर भाजपा जिला सहसंयोजक सोशल मीडिया ग्वालियर महानगर एवं प्रदेश कोर कमेटी सदस्य विदेश विभाग मध्यप्रदेश आलोक आहूजा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय संचार मंत्री श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की है।
आलोक आहूजा ने कहा कि ग्वालियर के लिए यह केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के आर्थिक और रोजगारपरक भविष्य को संवारने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया जी ने ग्वालियर-चंबल अंचल के विकास, औद्योगिक विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए हैं। टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन उन्हीं दूरदर्शी प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से ग्वालियर को आधुनिक औद्योगिक पहचान दिलाने का जो प्रयास हो रहा है, वह सराहनीय है।

3,600 करोड़ का निवेश, 15 हजार से अधिक रोजगार की संभावनाएं
भोपाल में 19 नवंबर को आयोजित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन इन्वेस्टर मीट प्रदेश के औद्योगिक इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है। इस आयोजन में 25 कंपनियों को आशय पत्र वितरित किए जाने के साथ 3,600 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं। इन निवेश प्रस्तावों से 15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
ग्वालियर में लगभग 450 एकड़ क्षेत्र में TMZ के दूसरे चरण का शुभारंभ भी इस परियोजना के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। देश की प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकॉम कंपनियों की सहभागिता से ग्वालियर में एक मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित होने की उम्मीद है।

ग्वालियर की पहचान अब उद्योग, तकनीक और रोजगार के नए केंद्र के रूप में
आलोक आहूजा ने कहा कि ग्वालियर ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से पहले ही अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। अब टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के माध्यम से शहर आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन और बड़े औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान स्थापित करेगा।
इस परियोजना से न केवल बड़ी कंपनियों को निवेश का अवसर मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं, तकनीकी विशेषज्ञों, इंजीनियरों, छोटे उद्यमियों और सहायक उद्योगों को भी लाभ मिलने की संभावनाएं हैं। इससे स्थानीय व्यापार, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, सर्विस सेक्टर और अन्य व्यवसायों को भी नई गति मिल सकती है।

सिंधिया जी का विजन, मुख्यमंत्री का नेतृत्व और ग्वालियर का उज्ज्वल भविष्य
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी की ग्वालियर के प्रति प्रतिबद्धता और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की विकासोन्मुखी कार्यशैली का सकारात्मक परिणाम आज इस महत्वाकांक्षी परियोजना के रूप में दिखाई दे रहा है। दोनों नेताओं के प्रयासों से ग्वालियर को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
आलोक आहूजा ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन ग्वालियर की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बनेगा और यहां के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे महानगरों की ओर पलायन करने के बजाय अपने ही शहर में बेहतर अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि ग्वालियर का भविष्य अब केवल ऐतिहासिक विरासत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आधुनिक उद्योग, तकनीक, निवेश और रोजगार के माध्यम से विकास की नई इबारत लिखेगा। यह परियोजना आने वाले समय में ग्वालियर को देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में शामिल करने की क्षमता रखती है।

posted by Admin
39

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->