यातायात में बाधक अतिक्रमणों पर नगर निगम की कार्रवाई, हाथ ठेले और फुटपाथी दुकानें हटाईं, स्थायी निर्माण भी तोड़े

ग्वालियर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम ग्वालियर द्वारा शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अपर आयुक्त (मदाखलत) प्रदीप सिंह तोमर, नोडल अधिकारी केशव सिंह चौहान एवं संबंधित मदाखलत अधिकारियों के निर्देशन में निगम के विभिन्न दलों ने कार्रवाई करते हुए यातायात में बाधक हाथ ठेलों, फुटपाथी दुकानों एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाया।
अभियान के अंतर्गत पूर्व विधानसभा क्षेत्र में मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में गोविंदपुरी यातायात मार्ग पर बाधा उत्पन्न कर रहे हाथ ठेले वालों का सामान जब्त कर उन्हें हटवाया गया। इसके बाद मयूर मार्केट ठाठीपुर में भी यातायात में बाधक हाथ ठेलों को हटाया गया। चिड़ियाघर गेट के बाहर सड़क पर लगे हाथ ठेलों को जब्त कर हटाया गया तथा फूलबाग मैदान में पीआरओ कार्यालय के सामने बैठे भिखारियों को भी हटवाया गया। जब्त किए गए हाथ ठेलों को डीबी सिटी स्थित मदाखलत कार्यालय में जमा कराया गया।इसी प्रकार शहर के हजीरा चौराहा, इंटक मैदान के बाहर, चार शहर का नाका रोड एवं किलागेट रोड सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए यातायात में बाधक हाथ ठेलों, फुटपाथी दुकानों एवं अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाया गया। हाथ ठेले एवं फुटपाथी दुकानों को निर्धारित हॉकर्स जोन में पहुंचाया गया, जिससे मुख्य मार्गों पर आवागमन सुगम हो सके। संबंधित लोगों को दोबारा उक्त स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
वहीं भवन अधिकारी बृजकिशोर त्यागी के निर्देशन में न्यू नरसिंह नगर एवं चार शहर का नाका रोड पर चिह्नित स्थलों पर जेसीबी मशीन की सहायता से चबूतरे एवं अन्य स्थायी निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई।इसके अतिरिक्त टीएनटी कॉलोनी, दुल्लपुर के पीछे पीएचई विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई के दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न होने के कारण फिलहाल कार्रवाई स्थगित की गई। नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं बाजारों में यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। साथ ही हाथ ठेला संचालकों एवं फुटपाथी दुकानदारों से अपील की गई है कि वे निर्धारित हॉकर्स जोन में ही अपना व्यवसाय करें और सड़कों एवं फुटपाथों पर अतिक्रमण कर आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न न करें। कार्रवाई में मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह सिसौदिया, श्रीकान्त सेन, संबंधित क्षेत्राधिकारी सौरव शाक्य सहित मदाखलत दल एवं क्षेत्रीय कार्यालय का अमला मौजूद रहा।

posted by Admin
59

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->