महाराज बाड़ा: यहां हर घंटे जाम, रेंग रहे वाहन, हो रहे विवाद
- मल्टी लेबल पार्किंग दो साल बाद भी बनकर नहीं हुई तैयार
(संजय तोमर)
ग्वालियर| वर्षों से शहर के हृदय स्थल का खिताब हासिल करने वाले महाराज बाड़े पर किसी बड़े त्योहार पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाती है मगर शनिवार को कोई त्योहार नहीं था, तब भी यहां अफरा-तफरी दिखी। पल-पल में लग रहे जाम ने यहां से होकर जा रहे हरेक शख्स को परेशान किया। दरअसल महाराज बाड़े से सटे गोरखी परिसर में विशालकाय मल्टीलेबल पार्किंग का निर्माण चल रहा है। करोड़ों रुपए के इस पार्किंग निर्माण को शुरू हुए दो से ज्यादा वर्ष हो चुके हैं मगर इसका निर्माण इतनी धीमी गति से हो रहा है कि अब तो इसकी उपयोगिता पर सवाल उठने लगे हैं। अक्सर यहां जाम, विवाद और झगड़े के नजारे दिखाई देते हैं। फुटपाथ और दुकान के आगे बने खाली रास्तों पर तो राहगीरों का चलना तक दूभर है।
शनिवार को भी यहां इसकदर अफरा-तफरी थी कि चार पहिया वाहन बाड़े से पार्किंग के लिए गोरखी परिसर स्थित पार्किंग में जा रहे थे जबकि कंपू से आने वाले वाहन बाड़े से होकर सराफा की ओर आ रहे थे। इस दौरान क्रासिंग के दौरान यहां वाहनों की लंबी कतार लग रही थी। एक समय तो ऐसा आया कि कंपू से आ रहे आधा सैकड़ा वाहनों की कतार थमी रही। चार बड़े वाहन पार्किंग के लिए अंदर जा रहे थे। मजेदार बात यह थी कि ट्रैफिक इंतजाम के लिए रहने वाले कारिंदे यहां दिखाई नहीं दे रहे थे।
स्मार्ट सिटी की ओर से तैयार कराए जा रहे मल्टीलेबल पार्किंग की वजह से महाराज बाड़े का पूरा क्षेत्र यहां घूमने आ रहे लोगों के लिए परेशानी का सबव बनता जा रहा है। पूरे महाराज बाड़ा क्षेत्र में हालात इतने ज्यादा खराब है कि यहां कारोबारी और खरीदार तो आते ही हैं अवैध रूप से रेहड़ी, फुटपाथिए भी अपने सामान की बिक्री सड़क पर करते रहते हैं। पूरा परिसर हैरिटेज न होकर एक हाट बाजार के रूप में हर वक्त दिखाई देता है। कई दुकानदार अपनी दुकानें सजाए बैठे रहते हैं मगर फुटपाथिए जिन-जिन जगहों पर बैठे हैं वहां से अंदर तक उनके पास जाने के लिए कोई रास्ते तक नहीं बचे हैं।
दरअसल स्मार्ट सिटी इस पूरे क्षेत्र को हैरिटेज क्षेत्र के रूप में विकसित करना चाह रही है। बड़े-बड़े सुंदर भवनों को करोड़ों रुपए खर्च कर सजाया संवारा जा रहा है। यहां बने कई भवन तो इस कदर जर्जर हो चुके थे कि उन्हें बंद तक कर दिया गया था मगर स्मार्ट सिटी ने प्लानिंग करके इन पुराने भवनों को अच्छी तरह से सजा दिया। अब स्थिति ये है कि यह भवन कुछ काम आ रहे हैं और कुछ यूं ही सजे-संवरे खड़े है।
स्मार्ट सिटी की ओर से फुटपाथों को भी बेहतरीन कर दिया है मगर इन पर भी फुटपाथ कारोबारियों ने कब्जे कर रखे हैं। इस वजह से ये फुटपाथ राहगीरों के लिए बेहद संकरे हो गए हैं। बचे खुचे स्थानों पर पार्किंग बन जाने से अक्सर यहां वाहन खड़े रहते हैं। मजेदार बात ये है कि यहां पुलिस चौकी बनी है मगर उसके एक हिस्से में भी वाहनों का जमावड़ा रहता है। पुलिस कर्मी यहां तैनात तो रहते हैं मगर समूचे महाराज बाड़े की सुरक्षा भगवान भरोसे होती है। यहां अक्सर चेन पुलिंग, छीना झपटी, छेड़छाड़ और जेबकटी की वारदात घटती रहती हैं। पुलिस तब पहुंचती है जब घटनाएं हो चुकी होती हैं।