मेले के उदघाटन के लिये मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मेला अध्यक्ष जादौन ने किया आमंत्रित
ग्वालियर। श्रीमंत माधवराव सिंधिया ग्वालियर व्यापार मेला इस वर्ष 15 दिसम्बर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक सिंह जादौन ने भोपाल में सौजन्य भेंट कर मेले के उदघाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया। इस अवसर पर मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जादौन ने मुख्यमंत्री को मेला परिसर में हाल ही में किए गए विकास कार्यों तथा मेले के आयोजन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने व्यापारियों से जुड़े विषयों और मेले के विकास कार्यों पर चर्चा की। साथ ही ऑटोमोबाइल सेक्टर के व्यापारियों की मांगों तथा मेले की अधोसंरचना के विकास के लिए बजट उपलब्ध कराने का आग्रह कर उन्हें ज्ञापन भी सौंपा।