सिंधिया स्कूल में तीन दिवसीय ‘यंग सीईओ प्रोग्राम 2026’ का भव्य शुभारंभ
ग्वालियर, । सिंधिया स्कूल, किला ग्वालियर में आज तीन दिवसीय ‘WCI यंग सीईओ प्रोग्राम 2026’ का भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य श्री अजय सिंह ने उपस्थित अतिथियों, विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों को संबोधित किया।
इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में विद्यालय के 93 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशीलता, नवाचार, नेतृत्व क्षमता एवं व्यावसायिक दृष्टिकोण विकसित करना है। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न स्टार्टअप्स, व्यावसायिक उपक्रमों एवं उद्यमिता की दुनिया को समझने का अवसर मिलेगा। वे प्रतिष्ठित उद्यमियों एवं व्यवसाय विशेषज्ञों से संवाद करेंगे तथा अपने नवीन विचारों और व्यावसायिक योजनाओं को भी प्रस्तुत करेंगे।
अपने उद्घाटन संबोधन में विद्यालय के प्राचार्य अजय सिंह ने विद्यार्थियों को रचनात्मक एवं नवाचारी सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसे नए विचारों और उत्पादों पर काम करना चाहिए, जो समाज के लिए उपयोगी हों तथा विभिन्न सामाजिक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत कर सकें। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि नवाचार का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचना चाहिए और नई खोजें सभी के लिए सुलभ होनी चाहिए।
कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए व्हाइट कैनवस इंडिया के संस्थापक एवं यंग सीईओ प्रोग्राम के प्रणेता श्री समरेश शाह ने बताया कि विद्यालय में इस कार्यक्रम का आयोजन लगातार चौथे वर्ष किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष विद्यार्थी नए उत्साह और ऊर्जा के साथ इसमें भाग लेते हैं। इस कार्यक्रम की विशेषता यह है कि इसमें विद्यार्थियों की अपनी सोच, रचनात्मकता और नए विचारों को प्राथमिकता दी जाती है। उन्हें स्वतंत्र रूप से सोचने, प्रयोग करने और अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने का अवसर मिलता है।
इस वर्ष के कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित उद्यमी एवं विशेषज्ञ विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। इनमें योडली के संस्थापक ऋषि सिंह, ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के संस्थापक प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी टी. कोशी, अरिस्ता वॉल्ट की संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुश्री पूर्वी रॉय, सीवा की संस्थापक सुश्री दीप्ति मल्होत्रा, बटर (BUTTR) के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नमन गुप्ता तथा ग्रीनवर्स (Greenverse) के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी साकेत अग्रवाल प्रमुख हैं। इनके अतिरिक्त व्हाइट कैनवस इंडिया की जनसंपर्क प्रमुख सुश्री निकिता खंडेलवाल बत्रा भी कार्यक्रम से जुड़ी हैं।
इन विशेषज्ञों के साथ संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को स्टार्टअप स्थापित करने, व्यावसायिक चुनौतियों का सामना करने, नए अवसरों की पहचान करने तथा अपने विचारों को सफल उद्यम में परिवर्तित करने की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अजय सिंह, आईटी विभाग के प्रभारी राजकुमार कपूर, सह-शैक्षणिक गतिविधियों के प्रभारी एवं डीन मनोज मिश्रा, अनुशासन प्रभारी सुश्री संगीता जैन, विद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
यंग सीईओ प्रोग्राम विद्यार्थियों को केवल व्यवसाय की बारीकियों से परिचित कराने का माध्यम नहीं है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व, रचनात्मकता, समस्या-समाधान एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की एक सार्थक पहल भी है।