क्या मंत्री प्रद्युम्न VRS लेंगे?, स्वास्थ्य कारणों से बढ़ती दूरियां
ग्वालियर। मप्र के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अब जल्दी ही स्वास्थ्य कारणों से राजनीति से वीआरएस लेने का मन बना रहे हैं। ऊर्जा मंत्री का पदभार सम्हाले तोमर अब अपने गड़बड़ स्वास्थ्य की वजह से न तो विभागीय कामकाज देख पा रहे है और न ही अपने विधानसभा क्षेत्र को ।
मप्र के सबसे एक्टिव मंत्रियों में शुमार ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का अब अपने स्वास्थ्य कारणों से राजनीति से मोहभंग हो गया है। अब वह अपने निवास पर आने वाले लोगों से बचने लगे है और उनकी समस्याओं के निपटारे पर भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। मंत्री जी मिलने जाने वाले उनके बंगले पर घंटों इंतजार करते रहते हैं, वहीं मंत्री जी के फोन भी पिकअप नहीं हो रहे हैं। जिससे उनके समर्थक भाजपा कार्यकर्ता हताश है। जबकि पहले प्रद्युम्न सिंह तोमर के बारे में कहा जाता था कि वह कार्यकर्ताओं व अपनी क्षेत्र की जनता के सच्चे हमदर्द है। अब उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के पत्रकारों तक से दूरियां बढ़ा ली हैं। इस बात की जानकारी ऊर्जा मंत्री के आका केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी है, इसलिये वह भी अब जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट को ज्यादा वजन दे रहे हैं और उन्होंने प्रद्युम्न सिंह तोमर को उनके बेटे सागर तोमर को आगे बढ़ाने का इशारा भी कर दिया हैं।
पवैया सक्रिय हुये
ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र का पहले प्रतिनिधित्व कर चुके वित्त आयोग अध्यक्ष व पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया अब ग्वालियर क्षेत्र में तेजी से सक्रिय है, उन्होंने अपनी बात मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव व संगठन के प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रख भी दी है। गत दिवस मुख्यमंत्री डा. यादव भी उनके निवास पर जाकर आगामी संभावित रणनीति पर चर्चा कर चुके हैं। यहां यह बता दें कि पूर्व मंत्री पवैया का टिकट काटा गया था और सिंधिया के साथ कांग्रेस से भाजपा में आये प्रद्युम्न सिंह तोमर को टिकट दिया गया था।