मराठा सेवा संघ का पंचम राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न; सामाजिक परिवर्तन और समतामूलक भारत के निर्माण का संकल्प
ग्वालियर (मध्य प्रदेश), । मराठा सेवा संघ एवं न्यायदान कक्ष, मध्य प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मराठा सेवा संघ का पंचम राष्ट्रीय अधिवेशन 14 एवं 15 नवंबर 2026 को ग्वालियर में उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। अधिवेशन का मुख्य विषय ‘भविष्य की चुनौतियाँ एवं परिवर्तन की पहल’ रहा। ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में आयोजित इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से मराठा सेवा संघ के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में अध्यक्ष आर एस पाटिल प्रदेशाध्यक्ष मध्यप्रदेश, कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री जी. एच. मारियोजीराव, अध्यक्ष कर्नाटक मराठा विकास बोर्ड, डॉ. रामराव वडकुते, सांसद राज्यसभा तथा शिवश्री कामाजी पवार, राष्ट्रीय अध्यक्ष मराठा सेवा संघ सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, जिजाऊ वंदना एवं स्वागत समारोह के साथ हुई। मध्य प्रदेश मराठा सेवा संघ के अध्यक्ष एवं मराठा उद्योजक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर. एस. पाटिल ने अतिथियों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत किया। राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष श्री सुनील महाजन ने प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए अधिवेशन के उद्देश्यों, संगठनात्मक विस्तार और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में मराठा सेवा संघ की भूमिका पर प्रकाश डाला।

अधिवेशन के विभिन्न सत्रों में मराठा सेवा संघ के समक्ष वर्तमान चुनौतियाँ, सामाजिक परिवर्तन की पहल तथा भविष्य का एजेंडा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा की गई। न्यायदान कक्ष के राष्ट्रीय अध्यक्ष एड आकाश काकड़े एवं प्रदेश अध्यक्षों तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यविस्तार, सामाजिक दायित्व और आगामी कार्ययोजना पर अपने विचार रखे। इसके साथ ही ग्वालियर से डॉ अश्विनी देशमुख अग्रवाल ने द ग्रेट मराठा श्रीमंत महादजी सिंधिया के जीवन और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर संबोधन करते हुए ग्वालियर के मराठा साम्राज्य के गौरव की बात और उनकी जीवनी के बारे में विस्तार से बताया।
‘मराठा सेवा संघ के समक्ष मौजूदा चुनौतियाँ एवं भविष्य का एजेंडा’ विषय पर आयोजित सत्र में संगठन की वैचारिक प्रतिबद्धता, सामाजिक समरसता, युवाओं की भागीदारी, महिला सशक्तिकरण, विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, उद्यमिता को प्रोत्साहन तथा किसानों के प्रश्नों पर विशेष मंथन किया गया। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ. सोपान क्षीरसागर ने की। विभिन्न राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं सामाजिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने संगठन को अधिक प्रभावी, सक्रिय और परिणामोन्मुख बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
अधिवेशन में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि वर्तमान समय में समाज को केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित न रहकर रोजगार निर्माण करने की दिशा में आगे बढ़ना होगा। युवाओं को आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कौशल विकास, उद्योग एवं व्यवसाय से जोड़ने, महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
शिव-शाहू-फुले-आंबेडकर की विचारधारा, सामाजिक न्याय, समता, बंधुता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और संविधानसम्मत मूल्यों को समाज जीवन में स्थापित करने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।
अधिवेशन के दौरान विभिन्न राज्यों में मराठा सेवा संघ द्वारा किए जा रहे सामाजिक, शैक्षणिक एवं संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रदेश इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित संवाद, संगठन विस्तार और नई पीढ़ी को नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श हुआ। उल्लेखनीय कार्य करने वाले विद्यार्थियों एवं समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने प्रस्तुत की राष्ट्रीय एकता की झलक
अधिवेशन के प्रथम दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने अपनी-अपनी क्षेत्रीय संस्कृति, लोककला, पारंपरिक नृत्य, संगीत एवं गायन की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। विविध राज्यों की सांस्कृतिक विरासत के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक बंधुता और सांस्कृतिक समृद्धि का संदेश दिया गया।
अधिवेशन के समारोपीय सत्र की अध्यक्षता मराठा सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवश्री कामाजी पवार ने की। इस अवसर पर आयोजकों, स्थानीय पदाधिकारियों एवं उपस्थित अतिथियों का सम्मान किया गया। अधिवेशन में दो दिनों तक हुए वैचारिक मंथन और संगठनात्मक चर्चा के आधार पर सामाजिक परिवर्तन की प्रक्रिया को अधिक गतिशील बनाने तथा संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊर्जा के साथ आगे ले जाने का संकल्प व्यक्त किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवश्री कामाजी पवार ने अपने समारोपीय विचारों में कहा कि मराठा सेवा संघ केवल एक सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि समाज में वैचारिक जागृति, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक समता और परिवर्तन की दिशा में कार्य करने वाला आंदोलन है। आने वाले समय में युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, किसानों और उद्यमियों को केंद्र में रखकर समाजोपयोगी कार्यक्रमों को गति देना आवश्यक है। संगठन की वास्तविक सफलता समाज के अंतिम व्यक्ति तक परिवर्तन का लाभ पहुँचाने में है।
ग्वालियर की ऐतिहासिक धरती पर आयोजित यह पाँचवाँ राष्ट्रीय अधिवेशन मराठा सेवा संघ के लिए संगठनात्मक विस्तार, वैचारिक स्पष्टता और भविष्य की नई दिशा निर्धारित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हुआ। अधिवेशन ने सामाजिक न्याय, समता, बंधुता और प्रगतिशील विचारधारा के आधार पर समतामूलक भारत के निर्माण की प्रतिबद्धता को एक बार फिर मजबूत किया।