रागायन का स्थापना दिवस समारोह 15 को , सजेगी शास्त्रीय संगीत की सभा
ग्वालियर। शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को समर्पित संस्था रागायन का स्थापना दिवस समारोह 15 नवंबर रविवार को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की बड़ी शाला, लक्ष्मीबाई कॉलोनी, लश्कर में सायं 5 बजे से शास्त्रीय संगीत की सुरमयी प्रस्तुतियां होंगी।
समारोह की अध्यक्षता रागायन के अध्यक्ष एवं सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की बड़ी शाला के पूरन बैराठी पीठाधीश्वर स्वामी श्री रामसेवक दास जी महाराज करेंगे।
संगीत संध्या में श्री प्रज्वल शिर्के गायन प्रस्तुत करेंगे, जबकि श्री अजय सोनी एवं श्री श्रेयस कुलकर्णी बांसुरी वादन करेंगे। इसके साथ ही पं. सज्जनलाल भट्ट का गायन भी समारोह का विशेष आकर्षण रहेगा।
कलाकारों के साथ साज-संगति में डॉ. मुकेश सक्सेना, श्री अक्षत मिश्रा, श्री सुयश दुबे एवं श्री श्लोक द्विवेदी सहभागी होंगे।
रागायन परिवार ने संगीतप्रेमियों एवं रसिकजनों से समारोह में उपस्थित होकर कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लेने की अपील की है।