ग्वालियर। फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एकल अभियान) की युवा इकाई एफटीएस युवा ग्वालियर चैप्टर द्वारा दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में होटल गोल्ड इन में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ग्रैंड हाउजी' (तंबोला) रहा, जिसमें चैप्टर के सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की।
समारोह में आयोजित ग्रैंड हाउजी का संचालन युवा समाजसेवी एवं चैप्टर के संस्थापक सदस्य व पूर्व कोषाध्यक्ष आयुष खंडेलवाल ने अपने रोचक अंदाज़ में किया। विभिन्न राउंड और उपहारों से सजे इस खेल में 'अर्ली सेवन', 'कॉर्नर', 'लाइन' और 'फुल हाउस' जैसे रोमांचक चरणों के दौरान सभागार तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा। इसके साथ ही सदस्यों के लिए अन्य मनोरंजक गेम्स भी आयोजित किए गए और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक एवं पारिवारिक माहौल में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को तिलक लगाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा पारंपरिक व्यंजनों व मिठाइयों का आनंद लिया। पदाधिकारियों ने बताया कि इस स्नेह मिलन का उद्देश्य सदस्यों के बीच आपसी आत्मीयता बढ़ाना और वनवासी क्षेत्रों में चल रहे एकल विद्यालय प्रकल्पों को नई ऊर्जा प्रदान करना है। समापन अवसर पर सभी ने ग्रामीण शिक्षा व राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराते हुए आगामी सेवा कार्यों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया।
इस आयोजन को सफल और अविस्मरणीय बनाने में एफटीएस युवा ग्वालियर चैप्टर की संस्थापक अध्यक्ष एवं वर्तमान में एफटीएस युवा नेशनल की नॉर्थ ज़ोन हेड संचिता गुप्ता, वर्तमान अध्यक्ष ख्याति मूंदड़ा, निवर्तमान अध्यक्ष संतोष कुमार, सचिव कंचन सिंह, कोषाध्यक्ष तरुण अरोड़ा, उपाध्यक्ष संभव अग्रवाल, सह-सचिव मोहित सिंह, पूर्व सचिव सुप्रिया गर्ग, सदस्य अंकित सोनी, प्रतिमा शर्मा, उद्धव अग्रवाल, आदित्य सोनी, निधान सिंह, राधिका अग्रवाल आदि सहित पूरी कार्यकारिणी का विशेष योगदान व गरिमामयी उपस्थिति रही।