आयुक्त अग्रवाल ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण
ग्वालियर। राज्य शासन के आयुक्त वीबी-जी राम जी योजना मयंक अग्रवाल ने शुक्रवार को ग्वालियर जिले का भ्रमण कर प्रधानमंत्री पोषण योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना एवं वीबी-जी राम जी योजना के तहत संचालित कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में तालाब निर्माण, वृक्षारोपण, विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, मां की बगिया एवं आजीविका गतिविधियों का जायजा लेकर अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भ्रमण के प्रारंभ में आयुक्त अग्रवाल ने संबंधित योजनाओं एवं सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा की। उन्होंने मैदानी अमले से योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके निराकरण के लिए राज्य स्तरीय टीम एवं तकनीकी विशेषज्ञों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जनपद पंचायत घाटीगांव की ग्राम पंचायत महारामपुरा, दौरार, आरोन एवं रेंहट का भ्रमण कर विभिन्न योजनाओं के तहत निर्मित तालाबों, वृक्षारोपण कार्यों, विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था एवं मां की बगिया का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत दौरार में आयुक्त अग्रवाल ने शीतला माता-11 आजीविका समूह की मछली पालन से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। समूह की सदस्य श्रीमती एलिजाबेथ ने बताया कि समूह द्वारा कतला एवं रोहू मछली का पालन किया जा रहा है। संबंधित तालाब का निर्माण वर्ष 2022 में पुष्कर धरोहर योजना के तहत किया गया था। आयुक्त ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए आजीविका गतिविधियों को और बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने घाटीगांव क्षेत्र के किसानों को खेत तालाब निर्माण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा जल का संचयन कर सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा सके। उन्होंने मां की बगिया एवं मियावाकी पद्धति से किए गए वृक्षारोपण सहित अन्य कार्यों का भी निरीक्षण किया।