पिछोर में जिला स्तरीय शिविर आयोजित, 70 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
- पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के हितलाभ भी बांटे गये
ग्वालियर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कालिन्द्री प्रांगण पिछोर में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 137 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 70 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए गए। शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने समस्याओं का निराकरण किया। इस शिविर के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन के शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान भी किया गया।
शिविर में स्वामित्व योजना के तहत कल्याण परिहार, मानसिंह जाटव एवं देशराज जाटव को रजिस्ट्री वितरित की। इसके अलावा नगर परिषद पिछोर के हितग्राहियों को संबल कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं पात्रता पर्चियां सहित विभिन्न पेंशन हितलाभ प्रदान किए गए। पीएम स्वनिधि योजना के तहत राजेन्द्र परसेड़िया को 50 हजार रुपए, मोहम्मद राशिद खान को 15 हजार रुपए, अनिल कुशवाह को 25 हजार रुपए, आकाश कुशवाह को 15 हजार रुपए, कुलदीप श्रीवास्तव को 2 लाख रुपए, मीना देवी को एक लाख रुपए तथा नीतू को एक लाख रुपए की ऋण स्वीकृति के पत्र प्रदान किए गए। वहीं विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभ लेकर स्वरोजगार स्थापित करने वाले उद्यमियों ने अपनी सफलता की गाथा साझा कीं। शिविर में इम्पेक्ट थियेटर एवं आर्ट्स संस्था द्वारा बाल विवाह की रोकथाम पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। शिविर से पहले जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने डबरा विकासखंड के ग्राम सूखापठा पहुंचकर तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने तालाब से मिल रहे लाभों के लिए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। रावत ने ग्रामीणों के साथ तालाब क्षेत्र में श्रमदान भी किया। उन्होंने ग्राम लधेड़ी में शासकीय स्कूल का निरीक्षण किया। रावत ने बच्चों को दिए जा रहे मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था तथा शिक्षकों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सी.बी. प्रसाद, एसडीएम डबरा श्रीमती नवनीत कौर, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती भूमिजा सक्सेना, जनपद पंचायत के सीईओ एवं डिप्टी कलेक्टर ऋषभ अवस्थी उपस्थित थे।