रागों की सुरमयी प्रस्तुतियों से सजा युवा उत्सव, रंगोली में उभरी भारतीय संस्कृति की छटा
**
- संगीत एवं कला विश्वविद्यालय में दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ बुधवार को हुआ।
- ----------
राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय में बुधवार को दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ हुआ। राज्य स्तरीय युवा उत्सव के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में स्कूल और महाविद्यालय स्तर के प्रतिभागियों ने शास्त्रीय संगीत, वादन और ललित कला की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पहले दिन की प्रतियोगिताओं में तबला वादन, स्वर वाद्य, एकल शास्त्रीय गायन, रंगोली और कार्टूनिंग प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
प्रतियोगिताओं का आगाज एकल अवनद्ध वादन से हुआ। तबला वादन में प्रतिभागियों ने तीनताल में पेशकार, कायदा, रेला, गत और परन की प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर अपनी साधना और लयकारी का परिचय दिया। निर्णायकों ने प्रस्तुतियों का बारीकी से मूल्यांकन किया।
*राग मधुवंती में बांसुरी की मधुर तान*
स्वर वाद्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अलग-अलग रागों की सुरमयी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को आकर्षित किया। सितार पर राग पूरिया धनाश्री और राग यमन की तीनताल में प्रस्तुति दी गई, वहीं बांसुरी पर राग मधुवंती का एकताल में मधुर वादन हुआ। हारमोनियम पर राग मालकौंस की एकताल में प्रस्तुति ने भी शास्त्रीय संगीत की विविधता को स्वर दिए।
*राग यमन में गूंजी शिव स्तुति*
एकल शास्त्रीय गायन में राग दरबारी की बंदिश 'काहे को गुमान करे...' से प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद राग दुर्गा में 'सखी मोरी रुनझुन...' की आकर्षक प्रस्तुति के साथ इसी राग में तराना सुनाया गया। एक बाल कलाकार ने राग यमन में शिव स्तुति 'चंद्रमा ललाट पे सोहे...' प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
*रंगोली में वसुधैव कुटुम्बकम्, कार्टूनिंग में लोकतंत्र की आवाज*
ललित कला की प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने समसामयिक विषयों और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को कलात्मक अभिव्यक्ति दी। रंगोली प्रतियोगिता में 'वसुधैव कुटुम्बकम्' और 'भारतीय संस्कृति' विषयों पर आकर्षक रंग संयोजन देखने को मिले। वहीं कार्टूनिंग में 'राजनीति में उथल-पुथल' और 'लोकतंत्र में आम आदमी की आवाज' जैसे विषयों के माध्यम से प्रतिभागियों ने सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर अपनी रचनात्मक दृष्टि प्रस्तुत की।
*ये रहे मौजूद*
कुलगुरु प्रो. स्मिता सहस्त्रबुद्धे की अध्यक्षता में आयोजित प्रतियोगिताओं में कुलसचिव डॉ. आशुतोष खरे, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. पारुल दीक्षित, डॉ. संजय सिंह, डॉ. मनीष करवड़े, डॉ. गौरिप्रिया एस., डॉ. हिमांशु द्विवेदी, डॉ. श्याम रस्तोगी और डॉ. विकास विपट सहित अन्य शिक्षक एवं निर्णायक उपस्थित रहे।