जलकर वसूली में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: अपर आयुक्त तोमर
ग्वालियर । नगर निगम द्वारा जलकर वसूली बढ़ाने और पेयजल व्यवस्था को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से अभियान तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने निगम मुख्यालय में पीएचई विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जलकर वसूली की प्रगति की समीक्षा की तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर आयुक्त तोमर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में संचालित अवैध नल कनेक्शनों को तत्काल वैध कराने की कार्रवाई की जाए। साथ ही जिन उपभोक्ताओं ने घरेलू नल कनेक्शन ले रखे हैं, लेकिन उनका उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है, ऐसे कनेक्शनों को व्यावसायिक श्रेणी में परिवर्तित कर नियमानुसार व्यावसायिक जलकर वसूल किया जाए। उन्होंने नवीन नल कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित करने तथा वार्डवार सर्वे कर पात्र उपभोक्ताओं को नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने सभी उपयंत्रियों एवं बिल क्लर्कों को निर्देशित किया कि आगामी चार दिनों में प्रत्येक वार्ड में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में अधीक्षण यंत्री एस.एल. बाथम, कार्यपालन यंत्री महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, शिशिर श्रीवास्तव सहित सभी सहायक यंत्री एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।