अग्रकुल महिला समिति ने धूमधाम और भक्तिभाव से संपन्न कराया तुलसी विवाह समारोह

ग्वालियर। अग्रकुल महिला समिति द्वारा दीपावली मिलन के अवसर पर इस वर्ष भी तुलसी विवाह समारोह अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। समिति की संस्थापक अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल एवं रश्मि अग्रवाल की पहल से पिछले दो वर्षों से आयोजित किया जा रहा यह तुलसी विवाह समारोह इस वर्ष अपने तीसरे वर्ष में प्रवेश कर गया है। अब यह आयोजन समिति की एक सुंदर परंपरा बन गया है, जिसका उद्देश्य सनातन धर्म की परंपराओं को जीवंत रखना, भारतीय संस्कृति की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना तथा समाज में धार्मिक एकता एवं संस्कारों का संदेश फैलाना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ लीलाधर मंदिर, किला गेट चौराहा से हुआ, जहाँ से भगवान शालिग्राम जी की बारात पूरे धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में भक्तों की बड़ी संख्या सम्मिलित हुई। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा की और जगह-जगह आइसक्रीम एवं मिठाइयों से भगवान का स्वागत किया गया। जय-जयकार और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण गूँज उठा। बारात मिलन गार्डन, सेवा नगर पहुँची, जहाँ परंपरागत रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान शालिग्राम जी और तुलसी महारानी का विवाह संस्कार संपन्न कराया गया। विवाह में तुलसी माता का कन्यादान माता रश्मि अग्रवाल एवं पिता रुपेश अग्रवाल ने किया, जबकि भगवान शालिग्राम जी की ओर से माता शिल्पी अग्रवाल और पिता राहुल अग्रवाल ने सभी विधि-विधानों के साथ विवाह संपन्न कराया।
समारोह में अग्रकुल महिला समिति की सदस्याओं ने भगवान की पैर पूजाई, ढरकावनी, मंगल गीत और नृत्य-संगीत के माध्यम से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विवाह स्थल को दीपों, पुष्पों और रंगोली से सुंदरता से सजाया गया था, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिकता और दिव्यता का अनुभव हो रहा था। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक वस्त्रों में सजकर भक्ति भाव से झूमते हुए भगवान के विवाह उत्सव में भाग लिया। इस अवसर पर लक्ष्मीनारायण अग्रवाल एवं अजय अग्रवाल का भी विशेष सहयोग एवं सहभागिता रही। सभी उपस्थित जनों ने भक्ति और आनंद से भरपूर इस आयोजन की प्रशंसा की। विवाह उपरांत अन्नकूट प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस भव्य आयोजन की संयोजिकाएँ प्रियंका अग्रवाल, सपना अग्रवाल, आरती अग्रवाल, डिम्पी गुप्ता, आरती बंसल, मंजू बंसल, सरोज अग्रवाल, लक्ष्मी गर्ग, संगीता मंगल, वर्षा अग्रवाल, गीता गर्ग, अंजलि जैन, लक्ष्मी अग्रवाल, राखी अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, अनु अग्रवाल, दिव्या अग्रवाल, पारुल जैन, मधु अग्रवाल, अलका गुप्ता एवं संगीता अग्रवाल रहीं। सभी संयोजिकाओं ने पूरे समर्पण, उत्साह और भक्ति भाव के साथ कार्यक्रम का संचालन किया और इसे सफलता की ऊँचाइयों तक पहुँचाया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी भक्तों ने अग्रकुल महिला समिति के इस अनूठे प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को जीवित रखते हैं।
वृंदा से तुलसी बनने की पौराणिक कथा
हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार वृंदा भगवान विष्णु की परम भक्त और दानवराज जलंधर की पत्नी थीं। वृंदा के पतिव्रत धर्म के प्रभाव से जलंधर अत्यंत शक्तिशाली हो गया था। भगवान विष्णु ने देवताओं की रक्षा के लिए वृंदा के पतिव्रत की शक्ति को समाप्त किया। जब वृंदा को इस बात का पता चला तो उन्होंने भगवान विष्णु को शिला बन जाने का श्राप दे दिया। इसी श्राप के फलस्वरूप भगवान विष्णु शालिग्राम शिला के रूप में प्रकट हुए। बाद में वृंदा ने अपना शरीर त्याग दिया और उनके पवित्र शरीर से तुलसी का पौधा उत्पन्न हुआ। भगवान विष्णु ने वृंदा को आशीर्वाद दिया कि उनके बिना उनकी पूजा अधूरी मानी जाएगी। इसी मान्यता के आधार पर प्रतिवर्ष कार्तिक मास में तुलसी और शालिग्राम भगवान का विवाह कराया जाता है।

posted by Admin
35

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->