भव्य कलश यात्रा के साथ महल गांव करौली मंदिर पर श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ
ग्वालियर। महलगांव स्थित करौली माता मंदिर पर बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का आरंभ हुआ। पीतांबर वस्त्र धारी महिलाएं सर पर कलश रखकर शोभायात्रा में शामिल हुई।
महलगांव करौली माता मंदिर के महामंडलेश्वर कपिल दास महाराज के सानिध्य में एजी ऑफिस पुल के नीचे स्थित तिरुपति धाम हनुमान मंदिर में कलश पूजन एवं पूजा अर्चना के साथ यात्रा आरंभ हुई। कथा व्यास दंदरौआ महाराज के कृपा पात्र पवन शास्त्री बग्घी में सवार होकर चले। कुंवर महाराज घोड़े पर सवार होकर चले। शोभायात्रा मार्ग में फूलों से वर्ष की गई। इस दौरान श्रद्धालु महिलाओं ने भजनों पर सुंदर नृत्य किया। महलगांव करौली माता मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद मंदिर में स्थित कैला मैया सहित सभी देव स्थलों पर पूजा अर्चना की गई तत्पश्चात व्यास पीठ पर श्रीमद् भागवत की पूजा अर्चना कर कथा आरंभ हुई।
पहले दिन की कथा में पवन शास्त्री ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण बड़े ही भाग्य से मिलता है। जब भी हमें कथा श्रवण का मौका मिले तो अवश्य कथा पंडाल में जाकर कथा श्रवण करना चाहिए। कथा बिना साबुन के मन को निर्मल कर देती है।
इस मौके पर महंत दिलीप शर्मा गिरिराज शर्मा धर्मेंद्र शर्मा विवेक शर्मा कविता मांडरे सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।