ग्वालियर। विजयराजे शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुरार में एनसीसी इकाई द्वारा हेल्दी लाइफ स्टाइल विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वस्थ जीवनशैली, पौष्टिक आहार और मिलेट्स के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने हेल्दी एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए। साथ ही मोटे अनाज से बने विभिन्न व्यंजनों के माध्यम से इनके पोषण संबंधी महत्व को प्रदर्शित किया। कैडेट्स ने आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. श्रीवास्तव ने मिलेट्स के पोषणात्मक गुणों और दैनिक आहार में इनके उपयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार को दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। इस अवसर पर 3 एमपी गर्ल्स बटालियन की जीसीआई लक्ष्मी सिंह ने कैडेट्स को एनसीसी में एसएससीडी गतिविधियों के महत्व की जानकारी दी तथा इनके माध्यम से समाज में स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. रेनू नायर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। मंच संचालन निकिता तोमर एवं सोनिया यादव ने किया तथा आभार एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट मौसमी सिंह ने व्यक्त किया।