श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर फ्रांस से उठी बुंदेलखंड एवं ब्रज मंडल धाम पृथक राज्य निर्माण की आवाज़

फ्रांस | मतंगेश्वर सेवा समिति, खजुराहो एवं दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर के तत्वावधान में फ्रांस के अरियाज राज्य के मीरपुआ नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक एवं वैचारिक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात विभिन्न देशों से आए संतों, आध्यात्मिक साधकों तथा बुंदेलखंड एवं ब्रज क्षेत्र से जुड़े श्रद्धालुओं ने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और जनहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।

बैठक का प्रमुख विषय बुंदेलखंड राज्य के गठन एवं ब्रज मंडल धाम को अलग पहचान प्रदान करने की मांग रहा। उपस्थित संतों एवं वक्ताओं ने कहा कि बुंदेलखंड और ब्रज केवल भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के केंद्र हैं। उन्होंने इन दोनों क्षेत्रों को उनकी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक विशिष्टता के अनुरूप अलग स्वरूप प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं का मत था कि बुंदेलखंड राज्य के गठन तथा ब्रज मंडल धाम को पृथक स्वरूप मिलने से इन क्षेत्रों के जल, थल एवं प्राकृतिक संसाधनों का समुचित संरक्षण और योजनाबद्ध विकास संभव होगा। साथ ही यहां की सांस्कृतिक धरोहर, प्राचीन मंदिरों, तीर्थस्थलों एवं पर्यटन को नई दिशा मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों के रोजगार और आर्थिक विकास को भी गति प्राप्त होगी।

बैठक में उपस्थित संतों एवं प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से इस जन-जागरण अभियान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया तथा इसके नेतृत्व के लिए पंडित शर्मा पर अपना विश्वास व्यक्त किया। सभी ने तन, मन और धन से इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु सहयोग देने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में इंजीनियर सुरेंद्र गुप्ता, नटरानी दासी, राधारानी दासी, योगिनी नारायणी, संन्यासी रेवती जी, स्वामी मूर्ति जी, आचार्य विद्यासागर महाराज शिष्य मंडल, पंडित देव प्रभाकर शास्त्री (दद्दा जी) शिष्य मंडल, अर्हम ध्यान योग शिष्य मंडल, पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज (बागेश्वर धाम) शिष्य मंडल, ब्रह्मकुमारी शिष्य मंडल तथा ओशो प्रेमियों सहित अनेक संतों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। अंत में विश्वभर में रह रहे भारतीयों से बुंदेलखंड राज्य एवं ब्रज मंडल धाम की मांग के समर्थन में एकजुट होकर इस जनहित, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।

posted by Admin
8

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->