9वां राष्ट्रीय पोषण माह शुरू, गर्भवती माताओं एवं किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य की होगी विशेष निगरानी
ग्वालियर । जिले में गुरुवार 9 सितंबर से 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश जाटव के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर कार्य करने वाला समस्त विभागीय अमला महिलाओं और बच्चों के पोषण को गंभीरता से लेते हुए कार्य करे। गर्भवती माताओं और किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखकर जिले से कुपोषण को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती उपासना राय ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान पौष्टिक व्यंजनों का प्रचार-प्रसार, आहार में विविधता लाने के लिए जनजागरूकता, टेक होम राशन (टीएचआर) एवं गरम पका भोजन (एचसीएम) की प्रदर्शनी एवं भोज का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत शत-प्रतिशत पात्र महिलाओं को लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। निगम की वरिष्ठ पार्षद श्रीमती गायत्री मंडेलिया ने पोषण आहार के संबंध में प्रचलित भ्रांतियों को दूर करने के लिए जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया। संयुक्त संचालक श्रीमती सीमा शर्मा ने कहा कि पोषण आहार का वितरण करने वाले सभी स्वयं सहायता समूहों का एफएसएसएआई पंजीयन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
कृषि विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक श्रीमती रीता मिश्रा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पौष्टिक फलों एवं सब्जियों को सुखाकर सुरक्षित रखने तथा आवश्यकता के अनुसार उपयोग करने के बारे में जानकारी दी। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर.के. गुप्ता ने आगामी राष्ट्रीय कृमिनाशक दिवस एवं एनीमिया मुक्त भारत अभियान की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी शहरी-1 मनोज गुप्ता ने किया। आभार प्रदर्शन सहायक संचालक राहुल पाठक ने किया।