ग्वालियर से मितावली, पड़ावली एवं बटेश्वर तक निकाली गई बाइकर्स रैली
ग्वालियर। विश्व धरोहर सप्ताह (19 से 25 नवम्बर) के अंतर्गत रविवार को जिले में ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक पर्यटन स्थलों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा विरासत संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशन में बाइकर्स रैली का आयोजन किया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सोजन सिंह रावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में बाइकर्स एवं विरासत प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बाइकर्स रैली का शुभारंभ शहर के प्रमुख ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों से होते हुए किया गया। रैली बैजाताल, कटोराताल एवं महाराज बाड़ा सहित शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों से होकर ग्वालियर दुर्ग पहुंची। इसके पश्चात रैली ग्वालियर दुर्ग से प्रस्थान कर जिले के प्रमुख प्राचीन पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों मितावली, पड़ावली एवं बटेश्वर की ओर रवाना हुई। रैली के माध्यम से आमजन को संदेश दिया गया कि हमारी ऐतिहासिक धरोहरें, स्मारक एवं सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान और गौरव हैं। रैली के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों द्वारा बाइकर्स का स्वागत किया गया।
बाइकर्स रैली में सुश्री शबनम एस. बानो, प्रदीप चतुर्वेदी, संजय श्रोत्रिय, राहत अली, देवांश सारंगपानी, शिवांश शुक्ला, अभिजीत सिंह, जयराज मिश्रा, अंकुर गर्ग, विजय यादव, खालिद खान, अनिल सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, कृष्णकांत शर्मा, अमित झा, वसीम खान, रिजू पुलिक्कल, भानु सिसोदिया, प्रफुल्ल बत्रा एवं देवांश अग्रवाल शामिल रहे। बाइकर्स रैली के समन्वय का दायित्व सुश्री शबनम एस. बानो द्वारा निभाया गया। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी जिला पंचायत एवं जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति समिति के जिला नोडल अधिकारी अनुपम शर्मा, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की प्रबंधक सुश्री अंजू त्यागी उपस्थित रहे ।