ग्वालियर। निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव के निर्देशन में शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग निरंतर स्वच्छता अभियान चला रहा है। इसी क्रम में सोशल मीडिया के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कचरे के ढेर होने की शिकायतें प्राप्त होने पर निगम की त्वरित कार्रवाई टीम द्वारा तत्काल सफाई कराई गई।
वार्ड क्रमांक 29 एवं 30 के गोविंदपुरी क्षेत्र में कचरे के ढेर की सूचना सोशल मीडिया पर प्राप्त हुई थी। इस पर निगम की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सफाई कराई और क्षेत्र को स्वच्छ बनाया। वहीं वार्ड क्रमांक 65 के बीरपुर बांध क्षेत्र में कचरे से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वहां भी सफाई कार्य कराया। सफाई कार्य के दौरान निगम कर्मचारियों ने स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया तथा अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, खाली प्लॉटों एवं जल स्रोतों के आसपास कचरा न डालें। कचरे को निर्धारित कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि शहर की स्वच्छता केवल निगम कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही स्वच्छ और सुंदर ग्वालियर का सपना साकार हो सकता है। सोशल मीडिया पर शिकायत मिलने पर निगम द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है, लेकिन नागरिकों से भी अपेक्षा है कि वे ऐसे स्थानों पर दोबारा कचरा न डालें।