संयुक्त कलेक्टर ने जिला मेडीकल बोर्ड का किया निरीक्षण

ग्वालियर। संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी संयुक्त संचालक श्रीमती शिवांगी अग्रवाल ने 18 नवम्बर को जिला दिव्यांग मेडिकल बोर्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रातः 11:45 बजे तक चिकित्सकों की अनुपस्थिति पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और देरी से पहुंचे चिकित्सकों को भविष्य में निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांगजनों को बिना किसी परेशानी के समय पर प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती अग्रवाल ने दिव्यांग प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड एवं रेलवे रियायत प्राधिकार पत्र बनवाने आए हितग्राहियों से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधीनस्थ स्टाफ को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों के कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी या व्यवधान न हो। सिविल सर्जन कार्यालय के उपस्थित कर्मचारियों को भी दिव्यांगजनों के कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र में ऑनलाइन पंजीकरण एवं रेलवे रियायत कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही मेडिकल बोर्ड के संचालन दिवसों में दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनाने का कार्य सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सिविल सर्जन कार्यालय से एक अतिरिक्त कंप्यूटर ऑपरेटर की पदस्थापना हेतु तत्काल पत्राचार करने को कहा।
श्रीमती अग्रवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्मित यूडीआईडी कार्डों का वितरण अनिवार्य रूप से जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र के माध्यम से ही किया जाए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी गिरीश कुमार पाल को केन्द्र परिसर में दिव्यांगजनों की सुविधा एवं मार्गदर्शन के लिए उचित स्थानों पर स्पष्ट सूचना पट्टिकाएं लगवाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिकल बोर्ड में आने वाले चिकित्सकों से भी चर्चा की और उनके कार्यों में आ रही व्यावहारिक एवं तकनीकी समस्याओं को लिखित रूप में प्रस्तुत करने के लिए कहा, जिससे उनका सुनियोजित तरीके से शीघ्र निराकरण किया जा सके।

posted by Admin
38

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->