20 फीट गहरे सूखे कुएं में गिरा हायना, 3 घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग ने बचाई जान
ग्वालियर। ग्वालियर से करीब 20 किलोमीटर दूर कुलेथ के पास खेरिया गांव में गुरुवार को एक रोमांचक और मानवीय रेस्क्यू देखने को मिला। गांव के पास स्थित 20 फीट गहरे सूखे कुएं में एक हायना गिर गया था। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी मिली तो गांव में चर्चा का विषय बन गई और तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ग्वालियर वन मंडल अधिकारी के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी बसंत शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम, ग्वालियर चिड़ियाघर की टीम और बीलपुरा वन चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा। टीम के साथ सर्पमित्र विवेक राठौर भी मौजूद थे।
कुआं काफी गहरा और अंधेरा था, साथ ही बिल्कुल सूखा था। हायना डरा हुआ था और लगातार गुर्रा रहा था। ऐसे में बिना उसे नुकसान पहुंचाए निकालना बड़ी चुनौती थी। टीम ने सूझबूझ और समझदारी से काम लिया। करीब 2 से 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार हायना को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जैसे ही हायना बाहर आया, वहां मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की टीम की जमकर सराहना की।रेस्क्यू के बाद हायना को तुरंत ग्वालियर चिड़ियाघर लाया गया, जहां डॉ. उपेंद्र यादव के निर्देशन में उसका स्वास्थ्य परीक्षण व उपचार किया गया। बताया गया है कि हायना को अभी 2 से 3 दिन तक चिड़ियाघर में ही निगरानी में रखा जाएगा। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।
बताया जा रहा है कि कुएं में हायना कितने दिनों से गिरा पड़ा था, इसका ठीक-ठाक पता नहीं चल सका। अंदाजा है कि वह 2 दिन से कुएं में फंसा था। भूख-प्यास से वह काफी कमजोर हो गया था। इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी बसंत शर्मा, चिड़ियाघर से डॉ. उपेंद्र यादव, बीलपुरा वन चौकी प्रभारी रामकरन पाल, सर्पमित्र विवेक राठौर सहित वन चौकी का मैदानी अमला मौजूद रहा। रेस्क्यू के दौरान खेरिया गांव के लोग भी बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए थे।