3 मध्यप्रदेश नेवल यूनिट एनसीसी, ग्वालियर का दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर जारी


दिनांक 18 नवंबर 2026 को आयोजित एनसीसी शिविर में योगाभ्यास, नेवल थ्योरी कक्षाओं एवं वित्तीय प्रबंधन के गुर सीखकर कैडेट्स ने दिखाई उत्साहपूर्ण सहभागिता।

 3 मध्यप्रदेश नेवल यूनिट एनसीसी, ग्वालियर द्वारा आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आज तीसरा दिवस उत्साह, अनुशासन एवं विविध प्रशिक्षण गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। यह शिविर 5 ग्रेनेडियर्स बटालियन, मुरार कैंट में ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अनिल जैथलिया के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।

कैंप कमांडेंट कमांडर एट आर्म्स दीपक सिंह भदौरिया के निर्देशानुसार आज शिविर के तीसरे दिन की शुरुआत प्रातःकालीन प्रशिक्षण गतिविधियों से हुई। प्रातः 06 बजे समस्त कैडेट्स ने पीआई स्टाफ, एवं सहायक एनसीसी अधिकारियों की उपस्थिति में योगाभ्यास कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता प्रदर्शित की।

प्रातः नाश्ते के उपरांत सभी कैडेट्स, एएनओ एवं पीआई स्टाफ का मस्टर रोल किया गया तथा सामूहिक ग्रुप फोटोग्राफ लिया गया। इसके बाद पेटी ऑफिसर गौरव शर्मा एवं पेटी ऑफिसर संगजीत के निर्देशन में कैडेट्स को ड्रिल की क्लास ली गई एवं ड्रिल का अभ्यास कराया गया, जिसमें अनुशासन, एकरूपता एवं आदेशों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।

इसके पश्चात कैडेट्स को उनके स्क्वाड्रन के अनुसार नौसैनिक विषयों की सैद्धांतिक कक्षाओं में प्रशिक्षण दिया गया। पेटी ऑफिसर पी.एस. डागुर ने सीमैनशिप की कक्षा में नौसेना की विभिन्न कार्यप्रणालियों एवं समुद्री गतिविधियों की जानकारी दी। चीफ इंस्ट्रक्टर साहिल ठाकुर ने नेविगेशन की कक्षा में जहाजों के संचालन एवं मार्ग निर्धारण में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न नौवहन चार्टों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। वहीं पेटी ऑफिसर विजय शर्मा ने नेवल कम्युनिकेशन की कक्षा में एक जहाज से दूसरे जहाज तक संदेश प्रेषित करने की पारंपरिक संचार प्रणालियों एवं उनके महत्व से कैडेट्स को अवगत कराया।

अपराह्न सत्र में वित्तीय सलाहकार मिस्टर चिरायु के द्वारा समस्त कैडेट्स को वित्तीय प्रबंधन एवं आर्थिक अनुशासन विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्होंने कैडेट्स को अपनी आय का एक निश्चित हिस्सा बचत के रूप में सुरक्षित रखने, नियमित बजट बनाने, अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखने तथा भविष्य के वित्तीय लक्ष्यों के अनुरूप योजनाबद्ध निवेश करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने ऋण लेने से बचने, आपातकालीन परिस्थितियों के लिए बीमा कराने एवं छोटे-छोटे वित्तीय लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने की आदत विकसित करने पर बल दिया। इस सत्र का उद्देश्य कैडेट्स को एक जिम्मेदार एवं आर्थिक रूप से जागरूक नागरिक बनाना रहा।

सायंकालीन सत्र में कैडेट्स ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ भाग लिया। खेल गतिविधियों ने शिविर के वातावरण को ऊर्जा, उमंग एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना से भर दिया। पेटी ऑफिसर अनिरुद्ध कुमार एवं पेटी ऑफिसर जी अविनाश के द्वारा कैडेट्स को शिविर परिसर में अनुशासित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यह दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण विकसित करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

शिविर में फर्स्ट ऑफिसर योगेश भदौरिया, सेकंड ऑफिसर विद्या कुशवाह, सेकंड ऑफिसर रितु भार्गव, सेकंड ऑफिसर राघवेन्द्र प्रताप सिंह, सेकंड ऑफिसर योगेश कुमार गुप्ता, सेकंड ऑफिसर हरेंद्र सिंह, सेकंड ऑफिसर हरिओम शर्मा, सेकंड ऑफिसर कविता सारस्वत, चीफ इंस्ट्रक्टर साहिल ठाकुर सहित समस्त पीआई स्टाफ उपस्थित रहा।

posted by Admin
46

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->