अंगदान करने वाले परिवारों का सम्मान समाज में मानवता की भावना को मजबूत करने की पहल : डॉ. अतुल मलिकराम



_जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 के सूत्रधार एवं 2030 का भारत के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम से विशेष बातचीत_

किसी अपने को खोने का दुख जीवन की सबसे कठिन परिस्थितियों में से एक है, लेकिन इसी दुख के बीच कुछ परिवार अपने प्रियजन के अंगों और टिश्यू का दान कर दूसरों को जीवन की नई उम्मीद देते हैं। ऐसे परिवारों का साहस और त्याग पूरी मानवता के लिए प्रेरणा है। इसी भावना को सम्मान देने और अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 2030 का भारत द्वारा जीवनदाता परिवार सम्मान 2026 की पहल की गई है। इस आयोजन के माध्यम से अंगदान करने वाले परिवारों, जागरूकता के क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तियों और चिकित्सा सेवाओं से जुड़े विशेषज्ञों को सम्मानित किया जाएगा। इस पहल के उद्देश्य, चयन प्रक्रिया, आर्थिक सहयोग, भविष्य की योजनाओं और इंदौर से बाहर इसके विस्तार को लेकर 2030 का भारत के संस्थापक डॉ. अतुल मलिकराम से हुई विशेष बातचीत के कुछ अंश।


*प्रश्न 1. सबसे पहले बताइए कि जीवनदाता परिवार सम्मान क्या है और इसकी शुरुआत करने का विचार कैसे आया?*

उत्तर: जीवनदाता परिवार सम्मान 2030 का भारत की एक सामाजिक पहल है। इसका उद्देश्य उन परिवारों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने किसी प्रियजन को खोने के बाद अंगदान अथवा टिश्यू दान के माध्यम से दूसरों को जीवन देने का निर्णय लिया। हमने महसूस किया कि ऐसे परिवारों के साहस और संवेदनशीलता को समाज में उचित पहचान मिलनी चाहिए, ताकि लोगों में अंगदान के प्रति और अधिक जागरूकता पैदा हो सके। इसी सोच के साथ इस पहल की शुरुआत की गई।

*प्रश्न 2. इस सम्मान के लिए कौन पात्र होगा और किन लोगों को सम्मानित किया जाएगा?*

उत्तर: इसके लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। पहली, जीवनदाता परिवार सम्मान, उन परिवारों के लिए जिन्होंने अपने प्रियजन के निधन के बाद अंग अथवा टिश्यूदान में सहयोग किया। दूसरी, जीवन प्रेरणा सम्मान, उन व्यक्तियों और परिवारों के लिए जो अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। तीसरी, जीवन सारथी सम्मान, डॉक्टरों, सर्जनों, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, काउंसलर्स और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए है।

*प्रश्न 3. सम्मान के लिए चयन का क्राइटेरिया क्या होगा? चयन किस आधार पर किया जाएगा?*

उत्तर: हमारे लिए चयन का आधार लोकप्रियता नहीं, बल्कि वास्तविक योगदान होगा। अंगदान करने वाले परिवारों के मामले में संबंधित चिकित्सा संस्थान से प्रमाणिक जानकारी और दान से जुड़े दस्तावेज महत्वपूर्ण होंगे। जागरूकता श्रेणी में अभियानों, सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक प्रभाव को देखा जाएगा। वहीं चिकित्सा श्रेणी में संबंधित पेशेवरों की भूमिका और योगदान का मूल्यांकन किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और गरिमापूर्ण रहे।

*प्रश्न 4. क्या कोई भी व्यक्ति या संस्था इस सम्मान के लिए अपना नाम भेज सकती है?*

उत्तर: हमारा उद्देश्य है कि कोई भी योग्य व्यक्ति या परिवार जानकारी के अभाव में इस सम्मान से वंचित न रहे। इसके लिए नामांकन और अनुशंसा के लिए संबंधित संस्थाओं की मदद ली गई है, और विशेषज्ञों की टीम द्वारा परिवार, सामाजिक संस्थाएं और चिकित्सा संस्थान पात्र लोगों के नाम सामने रखने की कोशिश की गई है।

*प्रश्न 5. इस आयोजन के लिए आपको कोई ग्रांट, सरकारी सहायता या आर्थिक सहयोग मिल रहा है?*

उत्तर: फिलहाल कोई ग्रांट या सहायता नहीं है लेकिन हां हमारी प्राथमिकता सामाजिक सहभागिता और संस्थागत सहयोग के माध्यम से इस पहल को आगे बढ़ाने की है। 2030 का भारत एक पंजीकृत फाउंडेशन है और इसे आयकर अधिनियम के अंतर्गत 80G प्रमाणन प्राप्त है। हम व्यक्तिगत सहयोग, स्वयंसेवकों और सीएसआर के माध्यम से साझेदारी की संभावनाओं पर काम कर रहे हैं। सरकारी सहयोग की संभावनाओं का भी स्वागत है। हमारा प्रयास है कि यह पहल किसी एक आर्थिक स्रोत पर निर्भर न रहे।

*प्रश्न 6. क्या जीवनदाता परिवार सम्मान केवल इंदौर तक सीमित रहेगा या इसे दूसरे शहरों में भी ले जाने की योजना है?*

उत्तर: बिल्कुल नहीं। इंदौर से इसकी शुरुआत होना हमारे लिए गर्व की बात है, लेकिन इस पहल का उद्देश्य किसी एक शहर तक सीमित नहीं है। अंगदान मानवता से जुड़ा विषय है और इसकी आवश्यकता पूरे देश में है। हमारा लक्ष्य इसे मध्य प्रदेश के अन्य शहरों और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का है।

*प्रश्न 7. अंगदान को लेकर समाज में आज भी कई भ्रांतियां हैं। इन्हें दूर करने के लिए क्या करेंगे?*

उत्तर: जागरूकता का सबसे प्रभावी माध्यम सही जानकारी और निरंतर संवाद है। बहुत से लोग अंगदान की प्रक्रिया और उससे जुड़ी चिकित्सकीय एवं कानूनी व्यवस्थाओं को पूरी तरह नहीं जानते। हम चाहते हैं कि विशेषज्ञों के माध्यम से लोगों तक प्रमाणिक जानकारी पहुंचे। स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर जागरूकता गतिविधियां भी इस दिशा में महत्वपूर्ण हो सकती हैं।

*प्रश्न 8. क्या अंगदान करने वाले परिवारों को सम्मानित करने से दूसरे लोग भी प्रेरित होंगे?*

उत्तर: निश्चित रूप से। जब समाज ऐसे परिवारों की कहानियां सुनता है, जिन्होंने अपने दुख को किसी दूसरे के जीवन की उम्मीद में बदल दिया, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। हालांकि अंगदान का निर्णय पूरी तरह स्वैच्छिक होना चाहिए। हमारा उद्देश्य किसी पर दबाव बनाना नहीं, बल्कि लोगों को सही जानकारी देकर जागरूक बनाना है।

*प्रश्न 9. 2030 का भारत की अन्य प्रमुख सामाजिक गतिविधियां क्या हैं?*

उत्तर: 2030 का भारत का कार्यक्षेत्र शिक्षा, आजीविका, सामाजिक विकास और सामुदायिक सशक्तीकरण तक विस्तृत है। टीचर्स ट्रेनिंग प्रोग्राम के अंतर्गत कक्षा एक से आठ तक के शिक्षकों को प्रशिक्षण और सहयोग दिया जाता है। प्रोजेक्ट अपलिफ्ट के माध्यम से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और वंचित समुदायों को संसाधनों एवं बाजार से जोड़ने का प्रयास है। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए डे-केयर सेंटर और बंदियों के पुनर्वास एवं कौशल विकास जैसी पहलें भी हमारी गतिविधियों का हिस्सा हैं।

*प्रश्न 10. इस आयोजन की सफलता को आप किस रूप में देखेंगे?*

उत्तर: हमारे लिए सफलता केवल सम्मानित होने वाले परिवारों की संख्या नहीं है। यदि इस आयोजन के बाद लोग अपने परिवारों में अंगदान पर बातचीत शुरू करते हैं, युवा जागरूकता फैलाने के लिए आगे आते हैं और समाज में इस विषय को लेकर सकारात्मक सोच विकसित होती है, तो यह हमारी बड़ी उपलब्धि होगी। हम चाहते हैं कि यह एक दिन का आयोजन न रहकर निरंतर चलने वाला सामाजिक अभियान बने।

posted by Admin
38

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->