ग्वालियर। कृषि अभियांत्रिकी विभाग, चंबल संभाग परिसर में बिना अनुमति पेड़ काटे जाने की शिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर में लगभग 30 हरे-भरे पेड़ काटे जाने तथा कई पेड़ों की अत्यधिक छंटाई किए जाने की जानकारी सामने आई।
नगर निगम के पार्क विभाग की टीम ने मौके पर काटे गए पेड़ों की लकड़ी को जप्त कर लिया। साथ ही पेड़ काटने के संबंध में संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। नगर निगम द्वारा बिना अनुमति पेड़ों की कटाई को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। कार्यालय अधीक्षक पार्क विभाग शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि बिना अनुमति पेड़ काटने वालों पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि बिना अनुमति पेड़ काटना नियमों का उल्लंघन है। मामले में संबंधित पक्ष से लिखित स्पष्टीकरण प्राप्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।