ग्वालियर में सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन 4 अक्टूबर कोः रईखेड़ा
ग्वालियर। शहर के लिए गौरव की बात है कि देश के 7 चुनिंदा शहरों में होने वाली सेखों इंडियन एयरफोर्स मैराथन 2026 का आयोजन 4 अक्टूबर रविवार को एयरफोर्स स्टेशन महाराजपुरा स्पोर्ट्स ग्राउंड में होगा। यह जानकारी शनिवार को उड़ान अध्यक्ष डॉक्टर सत्येंद्र सिंह रईखेड़ा, पंकज शर्मा एवं शिववीर सिंह भदौरिया ने पत्रकारवार्ता में दी।
उड़ान के अध्यक्ष डॉक्टर रईखेड़ा ने पत्रकारों को बताया कि यह मैराथन फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों, परमवीर चक्र की अदम्य वीरता और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों में फिटनेस, अनुशासन, खेल भावना और राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि मैराथन के प्रति देशभर में उत्साह है और इसको सुपरस्टार सुष्मिता सेन, टाइगर श्रॉफ सहित भारतीय क्रिकेटर श्रेयस अय्यर, आयुष म्हात्रे और शार्दुल ठाकुर ने समर्थन दिया है। यह इस मैराथन का दूसरा संस्करण है। मैराथन में 5 किमी, 10 किमी और 21 किमी की तीन प्रमुख श्रेणियां रखी गई हैं। महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए अलग-अलग श्रेणियां होंगी, साथ ही 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए भी विशेष श्रेणी रखी गई है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों के लिए कुल 1 लाख 38 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट, कैप और फिनिशर मेडल दिया जाएगा। 21 किमी और 10 किमी में प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार क्रमशः 10 हजार, 7 हजार और 5 हजार रुपये, जबकि 5 किमी में 5 हजार, 3 हजार और 2 हजार रुपये तथा अंडर-15 वर्ग में 7 हजार, 5 हजार और 3 हजार रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।