ग्वालियर। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 मुरार में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में देशभक्ति, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों से ओत-प्रोत एक भव्य एवं मार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेरे स्वप्नों का भारत पर चित्रांकन और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक सोच और ओजस्वी विचारों से सभी का मन मोह लिया।
चित्रांकन प्रतियोगिता में विद्यालय के 60 छात्र-छात्राओं ने अपनी तूलिका (ब्रश) और रंगों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने वाले मेरे स्वप्नों का भारत विषय पर अपनी सोच को कागज़ पर जीवंत किया। इसी क्रम में आयोजित भाषण प्रतियोगिता में 30 छात्र-छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास और प्रखर विचारों के साथ अपनी सहभागिता दर्ज की। विद्यार्थियों ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को मिटाने और एक सशक्त, शिक्षित व जागरूक भारत के निर्माण पर अपने विचार व्यक्त किए।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए और उन्हें प्रेरित करते हुए प्राचार्य प्रबुद्ध गर्ग ने कहा आज आपने कैनवास पर जो रंग भरे हैं और मंच से जो विचार व्यक्त किए हैं, वे केवल प्रतियोगिता जीतने के साधन नहीं हैं; बल्कि वे मध्य प्रदेश शासन के 'सेवा संकल्प अभियान' की वास्तविक आत्मा हैं। कला और भाषण से प्रतिभा का निखार तो होता ही है, किंतु आपकी यह मेहनत तभी सार्थक होगी जब आप इन विषयों को अपने जीवन और आचरण में आत्मसात करेंगे। वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती रेखा मुले, अवधेश कुमार पांडेय, डाॅ उमेश कुमार पाठक, एनसीसी अधिकारी एफओ धर्मपाल सिंह बघेल, एसओ मुकेश कुमार जाटव, एसओ राघवेंद्र प्रताप सिंह, डाॅ दीप्ती गौड, श्रीमती सीमा गुप्ता, श्रीमती वर्षा देव, नीरज विलाहटिया पीपी सोलंकी, ओपी गोयल, ऋचा अग्रवाल,कपिल कांत शर्मा,राजेश कुमार शर्मा, दिलीप सिंह, विकास दुवे, पल्लव सक्सेना, दीपाली कुलश्रेष्ठ सहित समस्त सम्माननीय शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।