फिरोजाबाद से 41 लाख लेकर भागे बदमाशों की कार मुरैना में डंपर में जा घुसी
- पुलिस राहगीर समझकर सहायता करने पहुंची तो निकले बदमाश
मुरैना। मुरैना पुलिस ने फिरोजाबाद के रसूलपुर थाना क्षेत्र से पशु व्यापारियों के 41 लाख 21 हजार रूपये उड़ाने वाले बदमाशों से रूपये जब्त कर लिये है। उनके पास से हथियार, पिस्टल भी बरामद हुये है। दरअसल हुआ यूं कि यह चार बदमाश फिरोजाबाद के पशु व्यापारी जान मोहम्मद, रहीश, अनीश के 41 लाख से अधिक रूपये लेकर वहां से भागे थे और मुरैना के पास इन बदमाशों की कार आई20 आज सुबह चार बजे के लगभग मुरैना के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक डंपर में घुस गई। इस कार में भोपाल के रेहान, हसरत, खालिद और आबिद सवार थे जो डंपर से टकराकर घायल हो गये थे। पहले मुरैना पुलिस ने इन्हें सामान्य कार सवार समझकर इनको निकाला लेकिन जब कार में रकम, पिस्टल व अन्य हथियार मिले तो पुलिस ने अपने सूत्र फैलाये तब पता चला कि यह चारों नंबरी बदमाश है। इसमे एक हिस्ट्रीशीटर भी है। यह चारों बदमाश पशु व्यापारियों के रूपये लेकर भोपाल की ओर भागे थे। मुरैना पुलिस ने इन्हें ग्वालियर के चिकित्सालय में उपचार हेतु भेजा है और राशि व हथियार जब्त कर फिरोजाबाद पुलिस को सूचना दे दी है। मुरैना एसपी धर्मराज मीणा के अनुसार इन बदमाशों की हिस्ट्री खंगाली जा रही है और इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामलें दर्ज किये गये है।