स्वर्णरेखा नदी को स्वच्छ करने अभियान शुरू,पहले हटेगी गंदगी, फिर लगाई जाएगी जाली
ग्वालियर । स्वर्णरेखा नदी में कचरा डालकर उसे गंदा करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने के साथ ही स्वर्णरेखा नदी को पूर्णरूप से कचरा मुक्त करने के लिए सफाई अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत पहले स्वर्णरेखा नदी से कचरा साफ किया जाएगा। इसके बाद जिन स्थानों से लोगों द्वारा कचरा फेंका जाता है, वहां पर जाली लगाकर पैक किया जाएगा। इस अभियान के तहत ढोली बुआ पुल के पास से सफाई अभियान प्रारंभ किया गया है।
निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने मंगलवार को स्वर्णरेखा नदी का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्हें कई स्थानों पर स्वर्णरेखा नदी की बाउंड्रीवाल टूटी मिली थी, साथ ही उसमें काफी मात्रा में कचरा मिला था। निगम आयुक्त को अधिकारियों ने बताया कि स्वर्णरेखा नदी 17 वार्डाें से गुजरती है, जिसमें 7 वार्ड ग्वालियर विधानसभा, 2 वार्ड ग्वालियर पूर्व एवं 8 वार्ड दक्षिण विधानसभा के शामिल हैं। निगमायुक्त ने 14 किलोमीटर लंबी स्वर्णरेखा नदी के ऐसे सभी पाइंटों को चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं, जहां से कचरा नदी में फेंका जाता है। वहां पर सफाई अभियान चलाकर साफ करने एवं बाउण्ड्रीवाल एवं जाली लगाने के निर्देश दिए है।