निगम आयुक्त चौधरी ने किया कई वार्डों का निरीक्षण
ग्वालियर। शहर की सीवर समस्या को हल करने के लिए निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने वार्ड क्रमांक 22, 20 एवं 18 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें वहां पर सीवर लाइन भरी मिली, निगम आयुक्त ने मौके पर खडे होकर सीवर लाइनों की सफाई कराई। साथ ही मौके पर ही ठेकेदार एवं अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री महेंद्र प्रसाद अग्रवाल मौजूद रहे।
निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने वार्ड क्रमांक 22 स्थित खलीफा कॉलोनी का निरीक्षण किया। उन्हें वहां पर सीवर लाइन चोक मिली। निगम आयुक्त ने तत्काल सीवर सफाई वाली टीम को मौके पर बुलाने के निर्देश दिए और सीवर लाइन की तली झाड़ सफाई करने के निर्देष दिए। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के आमजनों से भी चर्चा की। इसके बाद निगम आयुक्त चौधरी ने वार्ड क्रमांक 20 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वहां भी सीवर लाइन जाम मिली, निगमायुक्त ने तत्काल ठेकेदार और अधिकारियों को मौके पर बुलाया तथा सीवर लाइन को साफ करने के निर्देश दिए। इस दौरान मौके पर ही जेटिंग कम सक्शन मशीन से सीवर लाइन की सफाई की गई। निरीक्षण में निगमायुक्त ने वार्ड क्रमांक 18 स्थित एएम ब्लॉक में सीवर लाइन चोक मिली। निगमायुक्त ने मौके पर ठेकेदार को बुलाया और उसे निर्देश दिए कि मशीनरी एवं संसाधन समय पर फील्ड में लगाए, जिससे सीवर लाइनों की बेहतर सफाई हो सके। वहीं निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने डीबी मॉल के पास स्थित नगर निगम के वाहन डिपो का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाहनों की नियमित सफाई के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर चेक किया।