फ़ूड फॉर नीडी के रक्तदान शिविर में 275 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान
ग्वालियर। फ़ूड फॉर नीडी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में 275 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में युवाओं के साथ-साथ मातृशक्ति ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाते हुए मानव सेवा का संदेश दिया।
शिविर में एकत्रित रक्त थैलेसीमिया एवं कैंसर से पीड़ित मरीजों के उपचार एवं सहायता के लिए उपयोग किया जाएगा। रक्तदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में युवाओं ने आगे आकर इस पुनीत कार्य में सहभागिता की।
संस्था के सदस्य प्रवीण भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि फ़ूड फॉर नीडी द्वारा अब तक 21 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 3200 से अधिक यूनिट रक्तदान करवाया जा चुका है। संस्था रक्तदान के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं मानवीय सेवा कार्यों में भी निरंतर सक्रिय है।
उन्होंने बताया कि फ़ूड फॉर नीडी द्वारा अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए भोजन वितरण, जरूरतमंद बच्चों के लिए स्टेशनरी सामग्री का वितरण तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण एवं जागरूकता अभियान जैसे कार्य भी किए जाते हैं।
प्रवीण भारद्वाज ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाना और युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़कर “सेवा ही संकल्प, सेवा ही संस्कार” की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने रक्तदाताओं, रेड क्रॉस सोसाइटी, चिकित्सा टीम एवं शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।