नि:शुल्क रजिस्ट्री करने में जन अभियान परिषद भी करेगी सहयोग
ग्वालियर । जिले में “मध्यप्रदेश स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन” अभियान के तहत आबादी भूमि की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने में जन अभियान परिषद भी सहयोग करेगी। अभियान की तैयारी के सिलसिले में जिले के विकासखंड भितरवार के अंतर्गत गाँव गाँव में आयोजित किए जा रहे शिविरों में जन अभियान परिषद से जुड़े मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के एम एस डब्ल्यू और बी एस डब्ल्यू छात्र छात्रायें, प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थायें और परिषद से जुड़े हुए ऐसे वॉलिंटियर्स भी सहयोग कर रहे हैं। इनमें से ऐसे युवाओं को पटवारियों, ग्राम पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों के साथ जोड़ा गया है जो पोर्टल पर ऑन लाइन कार्य करने में विशेषज्ञ हैं।
जन अभियान परिषद से जुड़े इन युवाओं को एसडीएम भितरवार राजीव समाधिया, तहसीलदार भितरवार शिवदत्त कटारे, तहसील चीनोर नायब तहसीलदार अशोक तोमर एवं आंतरी नायब तहसीलदार सुश्री पूजा मावई द्वारा अभियान से संबंधित बारीकियां बताई गईं। जन अभियान परिषद की पूरी टीम 17 सितंबर से शुरू होने जा रहे “मध्यप्रदेश स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन” अभियान के तहत की जाने वाली रजिस्ट्री के लिए ड्रोन सर्वे में पात्र ग्रामीण हितग्राहियों की आधार आधारित ई-केवाईसी के कार्य में सहयोग कर रही है। एसडीएम राजीव समाधिया ने ग्राम पंचायत सांखनी में जा कर इस कार्य का जायजा लिया। जन अभियान परिषद के ब्लॉक कॉर्डिनेटर मनोज दुबे ने बताया है कि एमएसडब्ल्यू और बीएसडब्ल्यू के साथ प्रस्फुटन और नवांकुर समितियों सहित परिषद की ओर से 157 लोगों की सूची दी गई है। ये सभी विभिन्न ग्राम पंचायतों में फील्ड वर्क प्रोग्राम के तहत शासन और समाज के मध्य इंटर्नशिप का भी कार्य कर रहे हैं। इस कार्य को पांच सेक्टर में विभक्त कर 82 ग्राम पंचायतों से जोड़ा गया है।