पं. कृष्णराव शंकर की स्मृति में संगीत समारोह 24 एवं 25 सितम्बर को
ग्वालियर। ग्वालियर सांगीतिक घराने के महान संगीतज्ञ एवं पद्मभूषण पं. कृष्णराव शंकर पण्डित की स्मृति में मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा 24 एवं 25 सितम्बरको ‘संगीत समारोह’ का आयोजन किया जा रहा है। तानसेन कला वीथिका में आयोजित हो रहे इस समारोह में प्रदेश एवं देश के सुविख्यात संगीतज्ञ पं. कृष्णराव शंकर पण्डित को स्वरांजलि अर्पित करेंगे। कार्यक्रम प्रतिदिन सायं 7 बजे से प्रारंभ होगा एवं श्रोताओं के लिए प्रवेश निरूशुल्क रहेगा।
संचालक संस्कृतिएन पी नामदेव ने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन के पहले दिन 24 सितम्बर गुरुवार को सर्वप्रथम प्रशस्ति गायन होगा, जिसे पं. कृष्णराव शंकर पण्डित द्वारा स्थापित शंकर गंधर्व संगीत महाविद्यालय के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद मध्यप्रदेश के सुविख्यात गायक पं. भुवनेश कोमकली, देवास की गायन सभा सजेगी। पहले दिन की अंतिम प्रस्तुति सुविख्यात गिटार वादक विदुषी कमला शंकर, वाराणसी का गिटार वादन होगा। समारोह के दूसरे दिन 25 सितम्बर शुक्रवार को सर्वप्रथम ऋषिकेश मजूमदार मुम्बई का बाँसुरी वादन होगा। इसके बाद ग्वालियर घराने की सुविख्यात गायिका विदुषी मीता पण्डित, नई दिल्ली का गायन होगा। भारतीय शास्त्रीय संगीत पर केन्द्रित इस प्रतिष्ठित समारोह में दोनों दिवस संगीत के विविध रंग बिखरेंगे, जिनके मूल में भारत की आत्मा और परम्परा बसी होगी।