ग्वालियर। लम्पी वायरस से पीड़ित गायों की बढ़ती संख्या एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को बाल भवन ऑडिटोरियम में निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी द्वारा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान निगम आयुक्त ने लम्पी वायरस की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मदाखलत अधिकारी केशव सिंह चौहान ने बताया कि प्रतिदिन लम्पी वायरस से पीड़ित लगभग 30 गायों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। मदाखलत टीम द्वारा ऐसी गायों को उपचार के लिए वेटरिनरी विभाग के रतबाई स्थित आईसीयू सेंटर पहुंचाया जा रहा है। आयुक्त अभिषेक चौधरी ने बढ़ती संख्या को दृष्टिगत रखते हुए वेटरिनरी विभाग के उपसंचालक को निर्देश दिए कि ग्वालियर मेला ग्राउंड में होल्डिंग स्टेशन बनाया जाए तथा वहां गायों की देखभाल एवं उपचार के लिए वेटरिनरी डॉक्टर की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने नोडल अधिकारी कार्यशाला को लम्पी वायरस से पीड़ित गायों को उठाने एवं समय पर संबंधित स्थान तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही मदाखलत नोडल अधिकारी को पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने तथा सहायक यंत्री अमित गुप्ता को रतबाई गौशाला में आवश्यक मरम्मत कार्य सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। निगम आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए कार्यों को पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, नोडल अधिकारी मदाखलत केशव सिंह चौहान, शैलेंद्र सक्सेना, अमित गुप्ता, उपेंद्र यादव, पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, श्रीमती ग्रीष्म आर्य उपस्थित रहे।