शासकीय पॉलिटेक्निक में विकसित भारत युवा कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित
ग्वालियर। माय भारत केंद्र द्वारा शासकीय डॉ. भीमराव अंबेडकर पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम युवाओं को विकसित भारत@2047 के संकल्प से जोड़ना तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय जैन ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, खेल एवं राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करना चाहिए। जिला युवा अधिकारी श्रीमती अंजली कुमारी ने कहा कि मेरा युवा भारत के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
यूथ आइकन दर्शन तहकीत ने कहा कि युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए नशे से दूर रहना चाहिए और स्वयं जागरूक बनने के साथ अपने साथियों एवं समाज को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन सफल युवा मंडल के अध्यक्ष अरविंद कुशवाह द्वारा किया गया। इस दौरान युवाओं को माय भारत की गतिविधियों की जानकारी देने के साथ नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।