ग्वालियर। ग्रीहा परिषद (GRIHA Council) द्वारा मध्यप्रदेश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों के लिए 8 एवं 9 सितंबर को ग्वालियर के सिटी सेंटर में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला के दूसरे दिन ग्रीहा परिषद के विशेषज्ञ वक्ता गौरव गुप्ता एवं अनूपम भुट्टन ने ऊर्जा दक्षता एवं अक्षय ऊर्जा विषय पर विस्तृत तकनीकी सत्र लिया। दोनों वक्ताओं ने ग्रीहा हरित भवन मूल्यांकन प्रणाली संस्करण-6 के ऊर्जा अनुकूलन संबंधी प्रावधानों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया। सत्र में नए भवनों की योजना एवं डिजाइन में भवन का अभिविन्यास, छायांकन, प्राकृतिक प्रकाश एवं वायु संचार, तापरोधन तथा ऊर्जा दक्ष प्रकाश एवं वातानुकूलन प्रणालियों को शामिल कर ऊर्जा खपत एवं परिचालन लागत कम करने के विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही सौर ऊर्जा के प्रभावी उपयोग, संयंत्र की क्षमता निर्धारण, संभावित विद्युत उत्पादन तथा तकनीकी एवं आर्थिक लाभों को व्यावहारिक उदाहरणों एवं तकनीकी गणनाओं के माध्यम से समझाया गया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों के साथ प्रश्नोत्तर एवं तकनीकी चर्चा भी हुई। कार्यशाला का उद्देश्य ऊर्जा-कुशल, पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत भवन निर्माण में ग्रीहा मानकों के प्रभावी समावेशन के लिए अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की क्षमता विकसित करना रहा। इस अवसर पर अधीक्षण यंत्री विपिन सोनकर, संकल्प गोल्या श्रीमती आशा सिंह, अंकुर श्रीवास्तव, दिलीप गुप्ता, संतोष घनघोरिया, गिरीश चेतनानी उपस्थित रहे| समापन घोषणा जय नारायण श्रीवास्तव के द्वारा की गई|