12 सितंबर को नेशनल लोक अदालत, प्रचार वाहन रवाना
ग्वालियर। जिले में 12 सितंबर को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर ग्वालियर से प्रचार वाहन रवाना किया गया। प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ललित किशोर ने हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन को रवाना किया।
जिला न्यायालय, कुटुंब न्यायालय तथा तहसील विधिक सेवा समिति डबरा व भितरवार में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। प्रचार वाहन के माध्यम से ग्वालियर शहर के सभी शहरी वार्डों, बस्तियों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और चौराहों पर लोगों को नेशनल लोक अदालत की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही ऑडियो जिंगल के माध्यम से आमजन को अपने लंबित प्रकरणों का आपसी राजीनामे के माध्यम से निराकरण कराने के लिए जागरूक किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से विद्युत वितरण कंपनी, नगर निगम, बीएसएनएल, बैंकिंग एवं अन्य वित्तीय संस्थाओं से संबंधित मामलों में उपलब्ध छूट की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। प्रचार वाहन को रवाना करने के अवसर पर विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी) श्री नवीन शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री प्रशांत कुमार पाण्डेय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव पुष्पेंद्र सिंह उपस्थित रहे।