झांसी मंडल द्वारा ऊर्जा संरक्षण, हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा विद्युत व्यय में कमी लाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों के माध्यम से जुलाई 2026 के दौरान उल्लेखनीय मात्रा में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा का उत्पादन किया गया। झांसी मंडल के सौर ऊर्जा संयंत्रों द्वारा अगस्त 2026 में कुल 1,14,446 यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन किया गया। इस सौर ऊर्जा उत्पादन के परिणामस्वरूप मंडल को विद्युत व्यय में लगभग ₹7,41,130/- की बचत हुई। वहीं, सौर ऊर्जा संयंत्रों से वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 6,87,779 यूनिट विद्युत का संचयी उत्पादन किया जा चुका है, जिसके फलस्वरूप मंडल को लगभग ₹39,43,637 की संचयी बचत प्राप्त हुई है।
सौर ऊर्जा संयंत्रों का प्रदर्शन भी संतोषजनक रहा। अगस्त 2026 में मंडल के सौर ऊर्जा संयंत्रों का Capacity Utilization Factor (CUF) 8.99 प्रतिशत रहा। CUF सौर संयंत्रों की स्थापित क्षमता के प्रभावी उपयोग को दर्शाने वाला एक महत्वपूर्ण मानक है। इस प्रकार सौर ऊर्जा संयंत्रों के माध्यम से उपलब्ध नवीकरणीय ऊर्जा का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। सौर ऊर्जा का उपयोग झांसी मंडल के लिए आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होने से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है तथा कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में भी सहायता मिलती है। रेलवे परिसरों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों में सौर ऊर्जा के उपयोग से ऊर्जा की बढ़ती आवश्यकता को पर्यावरण-अनुकूल तरीके से पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि झांसी मंडल द्वारा ऊर्जा दक्षता एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास भारतीय रेल की हरित एवं सतत विकास की व्यापक पहल के अनुरूप हैं। सौर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग से आने वाले समय में ऊर्जा संरक्षण को और गति मिलने के साथ-साथ मंडल के विद्युत व्यय में भी कमी आने की उम्मीद है। झांसी मंडल में सौर ऊर्जा का बढ़ता उपयोग ‘हरित रेलवे’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो ऊर्जा संरक्षण, आर्थिक बचत और पर्यावरणीय स्थिरता—तीनों लक्ष्यों को एक साथ आगे बढ़ा रहा है।