बल्क अपशिष्ट उत्पादकों के प्रभावी प्रबंधन को लेकर महापौर से सीएसई टीम ने की चर्चा
ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) की टीम ने महापौर डॉ. शोभा सिकरवार से मुलाकात कर ग्वालियर शहर में बल्क अपशिष्ट उत्पादकों के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की।
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित उपविधियों के प्रावधानों एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही महापौर की उपस्थिति में महापौर-इन-काउंसिल (एमआईसी) के सदस्यों एवं समस्त पार्षदगण के लिए उपविधियों से संबंधित कार्यशाला आयोजित करने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान रुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) एवं विक्रेता सूचीबद्धकरण की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी साझा की गई। चर्चा का उद्देश्य शहर में बल्क अपशिष्ट उत्पादकों से निकलने वाले कचरे के बेहतर प्रबंधन, प्रसंस्करण एवं निस्तारण की व्यवस्था को और मजबूत करना रहा। इस अवसर पर सीएसई की टीम से सुश्री मौ सेन गुप्ता कार्यक्रम प्रबंधक, कैफी जावेद उप कार्यक्रम प्रबंधक एवं विजय प्रभाकर परामर्शदाता उपस्थित रहे।